scriptwhy did Balaghat district remain at the first place in the state? | आखिर बालाघाट जिला क्यों रहा प्रदेश में पहले स्थान पर ? | Patrika News

आखिर बालाघाट जिला क्यों रहा प्रदेश में पहले स्थान पर ?

locationबालाघाटPublished: Jul 11, 2023 10:42:48 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

कायाकल्प अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर बालाघाट जिला, जिले के 22 स्वास्थ्य केन्द्रों को मिली सफलता, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव ने जिले में पाया प्रथम स्थान

11_balaghat_111.jpg

बालाघाट. कायाकल्प अभियान में प्रदेश में बालाघाट जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले के 22 स्वास्थ्य केन्द्रों को इस अभियान में सफलता मिली है। शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मध्यप्रदेश शासन के स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी ने बीते दिनों मध्यप्रदेश के समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं के कायाकल्प अभियान के परिणामों की घोषणा की थी।
कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्य किया गया। इस अभियान में जिले की 39 संस्थाओं ने भाग लिया था। सीएमएचओ डॉ. मनोज पांडेय के मार्गदर्शन में डॉ. मदन मेश्राम, डॉ. पंकज दुबे, डॉ. प्रदीप गेडाम, डॉ. परेश उपलव, जिले की क्वॉलिटी मेंटर्स, चयनित संस्थाओं के मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, पैरा मेडिकल स्टॉफ, नर्सिंग अधिकारी ने इस अभियान के तहत कार्य किया था। जिसके परिणाम स्वरूप बालाघाट जिले को इस अभियान में प्रदेश के सभी 52 जिलों में प्रथम स्थान हासिल करने का सम्मान मिला है। प्रदेश के किसी अन्य जिले में इतनी अधिक संख्या में स्वास्थ्य संस्थाओं को सफलता नहीं मिली है।
इन केन्द्रों को मिली सफलता
सीएमएचओ ने बताया कि कायाकल्प अभियान में बालाघाट जिले से 1 जिला चिकित्सालय बालाघाट, 3 सिविल अस्पताल बैहर, लांजी व वारासिवनी, 1 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी और 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों ने सफलता प्राप्त की है। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस अभियान में सफलता प्राप्त करने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में महकेपार, कटंगझरी, बहेला, लामता, रिसेवाड़ा, सालेटेका, सिरपुर, दमोह, मंडई, झालीवाड़ा, तिरोड़ी, बम्हनी, भंडेरी, मोहगांव, कारंजा, डोंगरमाली, भानेगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शामिल है।
पुरस्कार के रुप में मिलेगी राशि
कायाकल्प अभियान के अंतर्गत सफलता प्राप्त करने पर जिला चिकित्सालय बालाघाट को 3 लाख रुपए, सिविल अस्पताल बैहर, लांजी व वारासिवनी को 1-1 लाख रुपए की राशि पुरस्कार के रुप में प्राप्त होगी। जिले में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भानेगांव को 1 लाख रुपए और शेष 16 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को 50-50 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य केन्द्र अपनी अधोसंरचना विस्तार और सुविधाओं के विसतार में खर्च करेंगें।
Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.