बैहर में यशवंती मरकाम तो मलाजखंड में मानसिंह मेरावी हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी
बालाघाटPublished: Oct 16, 2022 09:19:57 pm
कांग्रेस के पास बहुमत नहीं फिर भी लगा रहे जोर
नप बैहर, नपा मलाजखंड में नगर सरकार का गठन आज


बैहर में यशवंती मरकाम तो मलाजखंड में मानसिंह मेरावी हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी
बालाघाट. नगर परिषद बैहर और नपा मलाजखंड में 17 अक्टूबर को नगर सरकार का गठन होगा। दोनों ही निकाय में सुबह 11 बजे से निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। बैहर में यशवंती मरकाम तो मलाजखंड मेंं मानसिंह मेरावी भाजपा की ओर से प्रत्याशी हो सकते हैं। हालांकि, दोनों ही निकाय में भाजपा की ओर से अधिकृत रुप से प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। बैहर में आम सहमति बनी हुई है। जबकि मलाजखंड में भाजपा के अंदर ही खींचतान चल रही है। मलाजखंड में भाजपा के 13 में से 12 पार्षद अज्ञात स्थान पर चले गए हैं, जो 17 अक्टूबर को निर्वाचन के पूर्व मलाजखंड पहुंचेंगे।
जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर को नगर परिषद बैहर और नपा मलाजखंड के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन सुबह 11 बजे से शुरू हो जाएगा। बैहर का नगर परिषद बैहर के सभाहाल तो मलाजखंड का नपा के सभाहाल में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। बैहर में नगर सरकार के गठन के लिए बैहर एसडीएम तन्मय वशिष्ठ शर्मा को पीठासीन अधिकारी और तहसीलदार राम प्रसाद मार्को को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका परिषद मलाजखंड में लांजी एसडीएम ज्योति ठाकुर को पीठासीन अधिकारी व तहसीलदार बिरसा दमयंती परते को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैहर में दो निर्दलीय पार्षदों ने दिया समर्थन
नगर परिषद बैहर में भाजपा को दो निर्दलीय पार्षदों ने अपना समर्थन दे दिया है। दोनों निर्दलीय पार्षदों के समर्थन के बाद बैहर में भाजपा पूर्ण बहुमत से आगे हो गई है। सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 02 के निर्दलीय पार्षद बलदेव सिंह उइके और वार्ड क्रमांक 7 से हमीदा बेगम ने भाजपा को अपना समर्थन दिया है। 15 वार्डों वाले इस निकाय में अब भाजपा के पास पूरे 9 पार्षद हो गए हैं। इसके अलावा 17 अक्टूबर को नगर सरकार के गठन के दौरान अन्य निर्दलीय पार्षदों के भी समर्थन देने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि बैहर में भाजपा के 6, कांग्रेस 4 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। जबकि वार्ड क्रमांक 11 से भाजपा का एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।
मलाजखंड से भाजपा के 12 पार्षद अज्ञातवास में
नपा मलाजखंड में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने जा रही है। 24 वार्डों वाले इस निकाय में भाजपा के 13, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 3 प्रत्याशियों ने पार्षद का चुनाव जीते हैं। जिसमें भाजपा के 12 पार्षद अज्ञातवास पर चले गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मलाजखंड में भाजपा संगठन और निर्वाचित पार्षदों के बीच आम सहमति नहीं बन पा रही है। जिसके चलते 11 पार्षदों का दल अध्यक्ष पद के दावेदार मानसिंह मेरावी के साथ अज्ञात वास में है। जबकि भाजपा की ओर से ही अध्यक्ष पद के दावेदार महिला पार्षद मीना मर्सकोले अकेले रह गई है। बताया गया है कि ये 12 पार्षद नपा मलाजखंड में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन के पूर्व मलाजखंड पहुंचकर चुनावी प्रक्रिया में शामिल होंगे।
कांग्रेस भी लगा रही जोर
कांग्रेस को दोनों ही निकाय में बहुमत नहीं है। बावजूद इसके कांग्रेस जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है। कांग्रेस दोनों ही स्थानों में अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। हालांकि, दोनों ही निकाय के लिए नाम तय नहीं किए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नप बैहर में वार्ड क्रमांक 13 से निर्वाचित पार्षद शिमला मडावी और नपा मलाजखंड में वार्ड क्रमांक 19 से योगेन्द्र कुमार उइके प्रत्याशी हो सकते हैं। विधायक संजय उइके के अनुसार बहुमत नहीं होने के बाद भी दोनों ही निकाय में प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। दोनों निकाय में प्रत्याशी चयन को लेकर रविवार की रात्रि में बैठक आयोजित की गई है, जिसमें नाम तय किए जाएंगे। जिसकी अधिकृत घोषणा निर्वाचन से पूर्व की जाएगी।