script

बलिया में 2 महिला समेत तीन की झुलसकर मौत, अस्पताल में देखने गयी मां भी सदमे से मरी

locationबलियाPublished: Mar 30, 2019 06:07:25 pm

शॉर्ट सर्किट से झुलकर मरने का दावा, मायके वालों ने लगाया आरोप, मिट्टी का तेल डालकर जलाया गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, आगे की जांच में जुटी।

Maut

मौत

बलिया . यूपी के बलिया जिले में एक ही परिवार की दो महिला और आठ साल के एक बच्चे की झुलसकर मौत हो गयी। महिला को देखने गयी उसकी मां ने भी सदमे से अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग से तीनों की मौत हुई। हालांकि मरने वाली दोनों महिलाओं के मायके वालों ने इस पर शक जताते हुए ससुराल वालों पर ही आरोप लगाया। एक महिला के भाई ने साजिश के तहत जलाकर मारने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच की बात कह रही है, लेकिन वह अब भी मामले को शार्ट सर्किट से लगी आग की घटना ही बता रही है।
 

घटना बलिया जिले के रेवती थानान्तर्गत चौबे छपरा (छेड़ी) गांव की है। बताया गया है कि यहां के एक घर में शॉर्ट सर्किट के चलते तीन लोगों की जल जाने से मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति झुलस गया। झुलसने वालों में दो महिलाएं और एक आठ साल का बच्चा भी शामिल है। सभी को घर के मुखिया (ससुर) ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
ससुराल में हुई इस घटना की सूचना दोनों महिलाओं के मायके वालों को दी गयी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे तो एक और झकझोर देने वाली घटना हो गयी। एक महिला की मां अस्पताल पहुंची और जैसे ही अपनी बेटी को इस हाल में मरा हुआ देखा तो ये सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर पायी। बेटी की मौत के सदमे से वहीं उसकी मां की भी मौत हो गयी। इस घटना के बाद तो कोहराम मच गया। लोगों की आंखों में आंसू और दिल में अफसोस था। परिजन महिला के शव को बिना चिकित्सालय की कागजी कार्यवाही और पोस्टमार्टम के ही लेकर घर चले गए।
इस मामले में मायके वालों ने इस घटना के दुर्घटना होने पर सवाल खड़े किये और ससुराल वालों पर सीधा आरोप लगाया। महिला के भाई का कहना था कि साजिशन मिट्टी का तेल डालकर जलाकर मारा गया है। उसने देवर और ससुर पर आरोप लगाए। छेड़ी गांव में हुआ यह दर्दनाक हादसा जहां परिवार वालों के को दर्द दे गया वहीं यह पुलिस के लिये चुनौती बन गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की बात कह रही है।
By Amit Kumar

ट्रेंडिंग वीडियो