राजनीति: कांग्रेस से बागी होकर चुनाव लडऩे वाले बालोद जिला पंचायत के पहले अध्यक्ष देवलाल भाजपा में शामिल
बालोद जिला पंचायत के प्रथम अध्यक्ष रहे देवलाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समक्ष भाजपा में प्रवेश कर लिया। भाजपा प्रदेश संगठन ने उन्हें ससम्मान प्रवेश दिलाया।

बालोद. महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेडिय़ा के गृहजिला बालोद में एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार देर शाम को आदिवासी समाज के दिग्गज नेता और कांग्रेस से चुनाव जीतकर पहली बार बालोद जिला पंचायत के प्रथम अध्यक्ष रहे देवलाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समक्ष भाजपा में प्रवेश कर लिया। भाजपा प्रदेश संगठन ने उन्हें ससम्मान प्रवेश दिलाया।
देवलाल ठाकुर के इस कदम से जिले में फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा में प्रवेश के बाद रायपुर से बालोद आने पर उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत किया। भाजपा कह रही है कि कांग्रेस पर इसका असर पड़ेगा। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि इससे पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।
देवलाल बोले- पूर्व सीएम के कार्यकाल से प्रभावित होकर किया भाजपा प्रवेश
देवलाल ठाकुर ने पत्रिका से चर्चा करते हुए कहा कि वे कांग्रेस से जिला पंचायत अध्यक्ष भी बने। उस समय से ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से प्रभावित रहे। उनका कार्यकाल व जनता के लिए उनका व्यवहार व कार्यप्रणाली बेहतरीन रहा। इस वजह से भाजपा के साथ मिलकर जनता की सेवा करना चाहता हूं। इसलिए भाजपा में शामिल हुआ।
2018 में कांग्रेस से हुए थे निष्कासित
साल 2015 में जिला पंचायत चुनाव जीतकर जिला पंचायत बालोद के प्रथम अध्यक्ष बने। जिसके बाद विधानसभा चुनाव की बारी आई तो वे डौंडीलोहारा विधानसभा से विधायक की टिकट की उम्मीद में थे, लेकिन टिकट नहीं मिली तो कांग्रेस से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
ऑनलाइन पूरी की प्रवेश की प्रक्रिया
भारतीय जनता पार्टी बालोद जिला कार्यालय में संगठनात्मक प्रक्रिया का पालन करते हुए जिला अध्यक्ष कृष्णकान्त पवार की अगुवाई, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य प्रीतम साहू, जिला महामंत्री द्वय प्रमोद जैन एवं किशोरी साहू, पूर्व जिला महामंत्री देवेन्द्र जायसवाल, जिला मंत्री द्वय जयेश ठाकुर एवं शरद ठाकुर, जिला कार्यालय प्रभारी लोकेश श्रीवास्तव, जिला प्रचार प्रसार प्रभारी राजीव शर्मा एवं भाजयुमो नेता ढालेंद्र साहू की उपस्थिति में ऑनलाइन भाजपा प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की।
रायपुर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन ) पवन साय ने कहा कि इससे भाजपा मजबूत होगी। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संध्या भारद्वाज, शीतल नायक, गोविन्द वाधवानी मंडल अध्यक्ष दल्लीराजहरा, रूपेश सिन्हा मंडल अध्यक्ष डौडीलोहारा, मनीष झा मंडल अध्यक्ष डौंडी, माया ठाकुर, सुभद्रा टांडेकर, रहिमत कोसमा एवं मनीराम बघेल पार्षद डौंडीलोहारा, विश्वास गुप्ता मंडल महामंत्री अर्जुन्दा मौजूद थे।
अब पाइए अपने शहर ( Balod News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज