बैंक में 13 गांव के किसानों के लगभग 5 हजार खाते हैं। प्राय: सभी खाते से राशि गायब हुई है। किसान जांच अधिकारी व शासन से राशि की मांग कर रहे हंै। किसानों ने शासन व प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि जल्द राशि खाते में जमा करें। पूरी राशि जमा नहीं हुई तो किसान उग्र आंदोलन करेंगे।
भेंगारी निवासी कुमारी बाई ने बताया कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक निपानी में उनका खाता खुला है। खाते में लगभग 90 हजार करीब रुपए जमा थे। तीन दिन बाद घर में सगाई व शादी है। मेहमान आएंगे। उसके लिए गुरुवार को राशि निकालने पहुंचे। खाता की जांच कराई तो मात्र 5 हजार रुपए ही बचे हैं।
निपानी निवासी रवि कुमार ने बताया कि बैंक में उनका खाता है। लगातार लेन देन बैंक से चल रहा है। 15 दिन पूर्व 20 लाख रुपए जमा था। बुधवार को बैंक में हेरा-फेरी की बाते सामने आई तो खाते की जांच कराने पहुंचे। जांच में पाया गया कि खाते में 20 लाख रुपए नहीं बल्कि मात्र 13 हजार रुपए ही बाकी है।

बीमार मां लेकर पहुंचा, बोला-कैसे कराऊं इलाज
शुक्रवार को जांच अधिकारियों के सामने निपानी का एक व्यक्ति अपनी बीमार मां को लेकर पहुंचा। कहा मेरी मां के इलाज के लिए रुपए की जरूरत है। इलाज लिए ही रुपए निकालने बैंक गया था। लेकिन काते में रकम ही नहीं है। अधिकारियों से तत्काल रुपए दिलाने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इलाज के लिए रुपए मिल जाएंगे। आप अपनी मां का इलाज कराइए।
खाते से सवा लाख गायब, तबीयत बिगड़ी
पीपरछेड़ी के किसान चेतन राम ने बताया कि निपानी बैंक में हमेशा लेन देन चल रहा था। सब ठीक था। कई दिनों से खाते की जांच नहीं कराई। जब इस घटना की जानकारी मिली तो खाते की जांच कराई। खाते में कुल 1 लाख 57 हजार 582 रुपए थे। जांच में मात्र 55 हजार 58 रुपए ही बताया। यानी खाते से 1 लाख 25 हजार रुपए निकाल लिया। इसके बाद किसान की तबीयत बिगड़ गई। जिसका घर पर इलाज कराया गया।
चालू व फिक्स खाता, धान बेचने से मिली रकम उड़ा दी
खाते में जमा राशि के करोड़ों की हेराफेरी के मामले में पूरा बैंक स्टाफ दोषी है। यहां निलंबित कैशियर अजय भेडिय़ा एवं क्लर्क दौलत ठाकुर ने मिलकर किसानों के चालू व बचत खाते और फिक्स व हाल ही में समर्थन मूल्य पर बेचे गए धान की राशि का भी गबन कर दिया।
सभी किसानों को मिलेगी राशि, कड़ाई से जांच
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष जवाहर वर्मा ने कहा कि जांच के बाद सभी किसानों की राशि वापसी की जाएगी। निपानी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा में गड़बड़ी मामले में कड़ाई से जांच की जा रही है। किसान निश्चिंत व संयमित रहें। किसान आने खाते की जांच करा सकते हैं। हमने शाखा के सभी कर्मचारी बदल दिए हंै। व नए अधिकारी कर्मचारी की नियुक्ति की गई है।