पत्नी के संबंध किसी और व्यक्ति से होने का था शक- घटना है महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम हड़पुर जनकपुर के मजरे गहिरवा जहांपुर की। गैसड़ी थाना क्षेत्र के पुरैना प्रेमपुर के रहने वाले धर्मराज मिश्रा की बेटी रेनू की शादी गहिरवा जहांपुर के रहने वाले विवेक तिवारी से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद से विवेक को ये शक होने लगा कि उसकी पत्नी के संबंध किसी और व्यक्ति से हैं। जिसको लेकर आये दिन रेनू और विवेक में लड़ाई होती रहती थी। पत्नी के अवैध संबंध के शक ने पति विवेक को अपराध करने के लिए विवश कर दिया। बीते 12/13 अप्रैल की रात विवेक ने अपनी पत्नी रेनू की अवैध तमंचे से गोली मार कर हत्या कर दी और मौका-ए-वारदात से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया क्या है सच्चाई, आरोपी हुआ गिरफ्तार- पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी पति की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कल देर शाम हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार की माने तो हत्या अवैध संबंध के शक मे हुई है। हत्यारोपी पति विवेक पूरी तरह से बेरोजगार था और आरोपी पति के पिता ने पूरे घर की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। विवेक को धीरे-धीरे अपनी पत्नी का संबंध अपने पिता से होने का शक था, जिससे गुस्साये विवेक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।