scriptकांग्रेस को 20 तथा जद-एस के खाते में 8 सीटों की संभावना | 20 seats for Congress and 8 seats in JD-S | Patrika News

कांग्रेस को 20 तथा जद-एस के खाते में 8 सीटों की संभावना

locationबैंगलोरPublished: Jan 31, 2019 11:53:05 pm

तमाम मतभेदों की अनदेखी करते हुए राज्य में आम चुनाव के दौरान भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लिए कांग्रेस तथा जनता दल-एस का गठबंधन बरकरार रखने के लिए दोनों दलों की ओर से हरसंभव प्रयास जारी हैं।

कांग्रेस को 20 तथा जद-एस के खाते में 8 सीटों की संभावना

कांग्रेस को 20 तथा जद-एस के खाते में 8 सीटों की संभावना

 

बेंगलूरु. तमाम मतभेदों की अनदेखी करते हुए राज्य में आम चुनाव के दौरान भाजपा को कड़ी चुनौती देने के लिए कांग्रेस तथा जनता दल-एस का गठबंधन बरकरार रखने के लिए दोनों दलों की ओर से हरसंभव प्रयास जारी हैं।


प्राथमिक संकेतों के मुताबिक राज्य की 28 लोक सभा क्षेत्रों में से कांग्रेस को 20 तथा जद-एस को 8 सीटों का आवंटन संभव है। जद-एस के सूत्रों के मुताबिक वोक्कलिगा बहुल मंड्या, हासन, बेंगलूरु उत्तर, मैसूरु के अलावा पार्टी को शिवमोग्गा, बीदर, रायचूर तथा विजयपुर लोक सभा सीटें पर दावेदारी मिल सकती है। इन आठ लोकसभा क्षेत्रों में केवल रायचूर क्षेत्र में कांग्रेस के सांसद हैं।

वोक्कलिगा समुदाय बहुल क्षेत्रों में ही जद-एस का संगठन मजबूत होने के कारण पार्टी ने ऐसी सभी सीटों पर दावेदारी पेश की है। कोलार, चिकबल्लापुर जैसे क्षेत्र भी वोक्कलिगा बहुल क्षेत्र हैं, लेकिन यहां पर क्रमश: पूर्व केंद्रीय मंत्री के.एच. मुनियप्पा तथा वीरप्पा मोइली सांसद होने के कारण कांग्रेस ने इन सीटों को बचाने के लिए मंड्या, मैसूरु, हासन, बेंगलूरु इन 4 क्षेत्रों पर दावेदारी छोड़ कर जद-एस को खुश करने का प्रयास किया है। बाकी के 4 क्षेत्रों में से केवल रायचूर क्षेत्र में कांग्रेस के मौजूदा सांसद हैं तो बीदर, विजयपुर, शिवमोग्गा जैसी भाजपा की सीटों पर कांग्रेस ने जद-एस का समर्थन करने का मन बना लिया है।


प्रदेश जद-एस इकाई के अध्यक्ष ए.एच. विश्वनाथ के मुताबिक कांग्रेस को 20 तथा जद-एस को 8 सीटों के बंटवारे पर आम सहमति बनने की संभावना है। हालांकि मैसूरु तथा मंड्या लोकसभा क्षेत्र को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान संभव है। क्योंकि इन दोनों क्षेत्रों में ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस का संगठन मजबूत है। ऐसे में स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं को गठबंधन के लिए तैयार करना दोनों दलों के लिए एक चुनौती है।


उधर, मंड्या लोक सभा क्षेत्र के लिए स्थानीय कांग्रेस के नेताओं नें दिवंगत अभिनेता अंबरीश के पुत्र अभिषेक गौड़ा या अंबरीश की पत्नी सुमलता का नाम उछालकर मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी का पुत्र निखिल गौड़ा की दावेदारी को परोक्ष चुनौती दी है। पुत्र के लिए यहां कोई चुनौती नहीं हो इसलिए मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अंबरीश की पत्नी सुमलता को विधान परिषद का सदस्य बनाने का ऑफर दिया है। मंड्या, हासन क्षेत्र से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच.डी. देवेगौड़ा के दोनों पौत्र जद-एस के प्रत्याशी होंगे।

 

मंड्या लोक सभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के पुत्र निखिल गौड़ा तथा हासन लोक सभा क्षेत्र से लोक निर्माण मंत्री एच.डी. रेवण्णा के पुत्र प्रज्वल आम चुनाव लड़ेंगे। स्वयं देवेगौड़ा ने बेंगलूरु उत्तर लोक सभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे के संकेत दिए हैं। बेंगलूरु उत्तर लोक सभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे केंद्रीय मंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा ने भी देवेगौड़ा के इस फैसले का स्वागत किया है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो