बैंगलोर

14 सीटों पर 71 करोड़पति उम्मीदवार मांग रहे वोट

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट के मुताबिक 14 सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में से 30 फीसदी यानी 71 करोड़पति हैं।

बैंगलोरApr 16, 2019 / 06:48 pm

Santosh kumar Pandey

14 सीटों पर 71 करोड़पति उम्मीदवार मांग रहे वोट

डीके सुरेश 338 करोड़ की संपत्ति के साथ शीर्ष पर
बेंगलूरु. चुनाव के समय गरीबों का हमदर्द बनकर गरीबी दूर करने का दम भरने वाले नेता गरीबों की गाढ़ी कमाई से ही अकूत संपत्ति जमाकर धन कुबेर बन गए। आगामी 18 अप्रेल को लोकसभा चुनावों के दूसरे चरण में राज्य के जिन 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे वहां से ताल ठोंक रहे करोड़पतियों की फौज को देखते हुए यही कहा जा सकता है कि आम लोगों को किसी अमीर को ही अपना रहनुमा चुनना पड़ेगा।
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट के मुताबिक 14 सीटों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों में से 30 फीसदी यानी 71 करोड़पति हैं।

एडीआर ने 14 सीटों के पर किस्मत आजमा रहे 241 में से 235 उम्मीदवारों के शपथ पत्रों की जांच की है। इनमें से 71 उम्मीदवारों ने खुद को करोड़पति घोषित किया है। हालांकि, करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में कोई भी दल पीछे नहीं है लेकिन राज्य से शीर्ष पर बेंगलूरु उत्तर से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार डीके सुरेश हैं। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 338 करोड़ से ज्यादा रुपए घोषित की है। डीके सुरेश दूसरे चरण में देशभर के 97 लोकसभा क्षेत्रों से किस्मत आजमा रहे कुल 1644 उम्मीदवारों में तीसरे बड़े अमीर उम्मीदवार भी हैं।
इस सूची में तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस उम्मीदवार एच. वसंत कुमार 417 करोड़ से अधिक की संपत्ति के साथ टॉप पर हैं जबकि बिहार के पूर्णिया से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस उम्मीदवार उदय सिंह 341 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर है।
टॉप 10 में कर्नाटक के तीन प्रत्याशी हैं। डीके सुरेश के अलावा चिकबल्लापुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी बीएन बच्चेगौड़ा 115 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के साथ 8 वें और उडुपी-चिकमगलूरु से कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद मध्वराज 99 करोड़ के साथ 10 वें पायदान पर है।
देनदारियों के मामले में भी डीके सुरेश शीर्ष पर हैं। उनकी देनदारियां 51 करोड़ हैं। वहीं मंड्या के जद (एस) प्रत्याशी निखिल गौड़ा भी देनदारियों के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। 74 करोड़ के मालिक निखिल की देनदारियां करीब 35 करोड़ रुपए हैं।
लगभग सभी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी करोड़पति
इन 14 लोकसभा सीटों पर जिन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है उसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि चुनाव जीते कोई भी संसद में पहुंचने वाला करोड़पति ही होगा। प्रमुख उम्मीदवारों में बेंगलूरु दक्षिण के भाजपा उम्मीदवार तेजस्वी सूर्य ही इकलौते हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ से कम है। सूर्य ने शपथ पत्र में अपनी संपत्ति केवल 13.4६ लाख बताई है।
वहीं, बेंगलूरु दक्षिण से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे सी.रविकुमार के पास कोई संपत्ति नहीं है। अपने शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति शून्य बताई है। दरअसल, दूसरे चरण के कुल 1644 उम्मीदवारों में से 4 ही ऐसे हैं जिनकी संपत्ति शून्य हैं। बेंगलूरु के अलावा इनमें से दो बिहार (किशनगंज और बांका) और एक महाराष्ट्र (बुलढाणा) का उम्मीदवार है।
कइयों ने नहीं दिया आयकर का विवरण
दूसरे चरण में ताल ठोंक रहे जनता दल (एस) के चारों उम्मीदवार करोड़पति हैं। इनकी औसत संपत्ति 47 करोड़ रुपए हैं। ऐसे उम्मीदवार भी कम नहीं हैं जो करोड़पति तो हैं लेकिन आयकर विवरण घोषित नहीं किया है। ऐसे उम्मीदवारों की टॉप-10 सूची में चार उम्मीदवार राज्य के हैं। बेंगलूरु मध्य से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सीबीके रमा 15 करोड़ के मालिक हैं लेकिन आइटीआर की जानकारी नहीं दी है। बेंगलूरु दक्षिण से चुनाव लड़ रहे वाटाल नागराज तीसरे नंबर पर हैं।
कन्नड़ चलुवली वटाल पक्ष से किस्मत आजमा रहे वाटाल के पास 6 करोड़ की संपत्ति है लेकिन उन्होंने आइटीआर विवरण नहीं दिया है। मैसूरु से इंडियन न्यू कांग्रेस के उम्मीदवार अयूब खान और चित्रदुर्गा के निर्दलीय एल.रंगप्पा क्रमश: चौथे और पांचवे स्थान पर हैं। अयूब खान के पास 6 करोड़ से अधिक और रंगप्पा के पास 4 करोड़ से अधिक की संपत्ति है मगर उन्होंने आइटीआर विवरण नहीं दिया है। आयकर विवरण में सबसे ज्यादा वार्षिक आय घोषित करने वाले तीन उम्मीदवारों में से दो राज्य के हैं। इनमें मैसूरु के कांग्रेस उम्मीदवार एच. विजयशंकर शीर्ष पर और हासन से भाजपा उम्मीदवार ए.मंजू दूसरे स्थान पर हैं। दोनों उम्मीदवारों ने अपनी वार्षिक आय 1 करोड़ से ज्यादा बताई है।
दूसरे चरण में राज्य के 71 करोड़पति उम्मीदवारों में से 36 (50 फीसदी से अधिक) ऐसे हैं जिनकी संपत्ति 5 करोड़ से ज्यादा है। मंड्या लोकसभा क्षेत्र से भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सुमालता अंबरीश ने अपनी संपत्ति 23 करोड़ बताई है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.