scriptचार सरकारी कर्मचारियों के ठिकानों पर एसीबी के छापे | ACB raids on four government employees' bases | Patrika News

चार सरकारी कर्मचारियों के ठिकानों पर एसीबी के छापे

locationबैंगलोरPublished: Apr 28, 2018 06:22:19 am

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को चार सरकारी कर्मचारियों के निवास और अन्य दस ठिकानों पर छापे मार कर अचल संपत्ति का पता लगाया है।

ACB raids

बेंगलूरु. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को चार सरकारी कर्मचारियों के निवास और अन्य दस ठिकानों पर छापे मार कर अचल संपत्ति का पता लगाया है। एसीबी अधिकारियों ने बागलकोट जिले में मधोल के राजस्व निरीक्षक संगप्पा आई.सूदी के निवास और कार्यालय पर छापा मारा।

तालुक पंचायत के कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मीपति के निवास और दफ्तर पर छापा मारा गया। इसके साथ ही कोलार जिले में राजस्व विभाग के उप तहसीलदार मुनिवेंकटप्पा के मुलबागल के मुत्यालपेट स्थित दो निवास और दफ्तर पर छापा मारा गया। राम नगर जिले की मागड़ी तहसील सोलूर के समुदाय स्वास्थ्य केन्द्र के सेक्षन अधीक्षक एम.एस.गणेश मूर्ति के कुदूर स्थित निवास और दफ्तर पर छापा मारा गया।


एसीबी के पुलिस महा निरीक्षक केवीशरत चन्द्र ने बताया कि नागरिकों से मिली शिकायतों और सूचना के आधार पर छापे मारे गए। अभी तक अवैध संपत्ति की कीमत का पता नहीं चला। एसीबी अधिकारी सभी बरामद नकद राशि, आभूषण और अन्य चीजों की कीमत की समीक्षा कर रहे हैं। न्यायालय से अनुमति लेकर बैंक लॉकर भी खोलने का काम बाकी है।


58 किलो सोने के आभूषण जब्त
देवनहल्ली तहसील में बालेपुरा चैकपोस्ट में शुक्रवार को वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक वाहन से 58 किलो सोने के आभूषण बरामद किए है। जब्त सोने का मूल्य 20 करोड़ रुपए आंका गया है। इस मामले में वाहन का चालक व दो सुरक्षाकर्मियों समेत 3 जनों को हिरासत में लिया गया है। प्राथमिक जांच के अनुसार यह सोने के आभूषण एक निजी आभूषण विक्रेता कंपनी के हैं, जो मुंबई से तमिलनाडु के होसूर ले जा रहे थे लेकिन इसके कोई दस्तावेज पेश नहीं किए जाने से यह कार्रवाई की गई है।

परिवहन विभाग ने 53 लाख से अधिक जुर्माना वसूला
बेंगलूरु. परिवहन विभाग का वाहनों के दस्तावेजों की जांच के लिए राज्य के सभी जिलों में लगातार अभियान जारी है और गुरुवार को देर रात तक ५३ लाख रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। परिवहन आयुक्त नवीन राजसिंह ने बताया कि ११ हजार ७६८ वाहनों की जांच हुई, जिसमें से १ हजार ४१९ वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कुल ५३ लाख ९३ हजार ८८८ रुपए जुर्माना वसूला है।

बेंगलूरु शहरी परिवहन क्षेत्र से १ लाख १८ हजार ८२२ रुपए, बेंगलूरु ग्रामीण से २० लाख ५१ हजार ९६० रुपए, मैसूरु से ६ लाख ९२ हजार ५९२ रुपए, शिवमोग्गा से ४ लाख ६४ हजार ९६० रुपए, बेलगावी से १४ लाख ५० हजार ५ रुपए, कलबुर्गी से ५ लाख १५ हजार ५४९ रुपए राजस्व जुटाया है। आयुक्त ने बताया कि अभियान में वाहनों के लाइसेंस, परमिट, बीमा प्रमाण पत्र, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकार के दस्तावेजों की जांग की गई और यह अभियान आगे भी लगतार जारी रहेगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो