scriptगंगावती में पथराव और लाठी चार्ज के बाद तनाव | After the stone pelting and lathi charge Gangawati stress | Patrika News

गंगावती में पथराव और लाठी चार्ज के बाद तनाव

locationबैंगलोरPublished: Dec 12, 2016 11:30:00 pm

कोप्पल जिले के गंगावती में दो गुटों के बीच हुए झगड़े और एक
दूसरे पर हमलों के बाद तनाव फैल गया। पथराव और लाठी चार्ज में चार
पुलिसकर्मी समेत बीस लोग घायल हुए हैं

bangalore news

bangalore news

बेंगलूरु. कोप्पल जिले के गंगावती में दो गुटों के बीच हुए झगड़े और एक दूसरे पर हमलों के बाद तनाव फैल गया। पथराव और लाठी चार्ज में चार पुलिसकर्मी समेत बीस लोग घायल हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में तीन दिन तक निषेधाज्ञा लागू रखने के साथ ही पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार एक गुट के लोगों ने सोमवार को दूसरे समुदाय के लोगों के घरों की छतों पर ध्वज लगाने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उन पर हमला कर उनके आभूषण लूट लिए गए। इस संबंध में जानकारी मिलने पर दूसरे गुट के लोगों ने ध्वज लगाने का प्रयास करने वाले गुट पर हमला कर दिया।

दोनों गुटों के बीच हुए झगड़ेऔर एक दूसरे पर हमला करने से वहां तनाव फैल गया। मौके का फायदा उठाकर कुछ उपद्रवी दुकानों में घुस कर लूटपाट करने लगे और उन्होंने दुकानों और वाहनों में आग लगा दी। अचानक बिगड़ते हालात देखकर पुलिस सक्रिय हुई और उपद्रव पर काबू का प्रयास शुरू किया गया।

अग्निशमन बल ने दुकानों और वाहनों में लगी आग बुझाई। कई क्षेत्रों में हमले की अफवाहों के चलते तनाव बढ़ता गया। पुलिस ने जब संवेदनशील इलाकों में प्रवेश किया तो उन पर पथराव किया गया। पथराव में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस लाठी चार्ज में 16 लोग घायल हुए। सभी को गंगावती और कोप्पल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक के.त्यागराजन और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा का इंतजामों पर नजर रख रहे हैं। नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली जा रही है। रात में गश्त बढ़ा दी गई है। इस घटना के लिए अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो