आस-पास के लोगों के लिए उदाहरण बनें-आचार्य देवेंद्रसागर
धर्मसभा का आयोजन
बैंगलोर
Published: June 01, 2022 08:00:54 am
मैसूरु. सुमतिनाथ जैन संघ महावीर भवन में विराजित आचार्य देवेंद्रसागर सूरी ने कहा कि महान व्यक्ति जो भी कार्य करते हैं, सामान्य लोग उनका अनुसरण करते हैं। वे जो भी मानक तय करते हैं, उनका पालन सारी दुनिया करती है। लोगों के साथ हमारा व्यवहार दरअसल वही है, जो हमने आस-पास देखा और सीखा है। जब हम छोटे थे, तो हमने बड़ों को देखा कि वे कैसे व्यवहार करते हैं। हमने उनकी नकल की और हम भी वैसा ही करने लगे। हम सभी के अपने-अपने आदर्श हैं। उन पर हम बहुत श्रद्धा रखते हैं, उनके पीछे-पीछे चलते हैं और ख्वाहिश रहती है कि एक दिन उनके जैसा ही बनकर दिखाएं। आश्चर्य नहीं कि महान और प्रभावशाली लोगों का जीवन उन्हें फोलो करने वाले उनके प्रशंसकों के जीवन पर बहुत असर डालता है। उन्होंने कहा कि राजा अपने उदाहरण से नेतृत्व करता है, तो वे इसी सामाजिक जिम्मेदारी की बात कर रहे होते हैं। वह अपने आदर्शों और शब्दों से अपने लोगों को प्रभावित करता है। आज के दौर की ही बात लीजिए, अगर देश असफलता की ओर जा रहा होता है, तो लोग सरकार को दोष देते हुए पाए जाते हैं। ठीक वैसे ही, जैसे पहले देश की विफलता में राजा की गलती मानी जाती थी। लेकिन एक ऐसा देश भी है जो खुद हमारे भीतर बसता है। हम एक बड़े देश का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन हमारा जीवन एक छोटी इकाई के इर्द-गिर्द घूमता है। वह है हमारा परिवार। माता-पिता के रूप में हम बच्चों के प्रति व्यवहार से एक उदाहरण स्थापित करते हैं। बच्चों के रूप में हम छोटे भाई-बहनों के लिए एक मिसाल कायम करते हैं। अगर हम एक ऐसा वातावरण बनाते हैं, जो प्रेम और करुणा का पोषण करता है, तो हम ऐसी पीढ़ी तैयार करते हैं, जिनके दिलों में सहानुभूति है। अपने आस-पास के सभी लोगों के लिए उदाहरण बनें। अनुशासित जीवन जिएं। इससे आस-पास के सभी लोग खुद ही अनुशासित हो जाएंगे। आपको हर उस सलाह का पालन करना चाहिए, जो आप बच्चों और दूसरों को देते हैं। एक स्थायी उदाहरण बनने का सबसे अच्छा तरीका यौगिक जीवन जीना है।

आस-पास के लोगों के लिए उदाहरण बनें-आचार्य देवेंद्रसागर
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
