scriptबेंगलूरु में एक दिन में साढ़े पाच हजार से ज्यादा पॉजिटिव | bengaluru registered more than 5500 new covid cases in a day | Patrika News

बेंगलूरु में एक दिन में साढ़े पाच हजार से ज्यादा पॉजिटिव

locationबैंगलोरPublished: Apr 09, 2021 07:26:07 pm

Submitted by:

Nikhil Kumar

– 24 घंटे में 7955 संक्रमित, 3220 डिस्चार्ज, 46 मौतें- मृतकों में 13 वर्ष का बच्चा भी

बेंगलूरु में एक दिन में साढ़े पाच हजार से ज्यादा पॉजिटिव

बेंगलूरु. कर्नाटक स्वास्थ्य विभाग (Karnataka Health Department) ने राज्य में बीते 24 घंटे में कोविड के 7,955 नए मरीजों की पुष्टि की। इनमें से 5,576 मरीजों की पुष्टि बेंगलूरु शहरी जिले में हुई है। इसी अवधि में संक्रमण से उबरे 3,220 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी मिली। इसके साथ ही कोविड के कुल मरीजों की संख्या 10,48,085 पहुंच गई है। इनमें से 97,7,169 मरीजों ने कोरोना वायरस को मात दी है। एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 58,084 पहुंच गई है। 378 मरीज आइसीयू में भर्ती हैं।

राज्य में कोविड से कुल 12,813 मरीजों की मौत हुई है। इनमें से 46 मौतों की पुष्टि शुक्रवार को हुई। मृतकों में 13 वर्ष का एक बच्चा भी है। सांस लेने में समस्या के कारण बच्चे को पांच अप्रेल को बेंगलूरु शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। दो दिन बाद सात अप्रेल को बच्चे ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।

मृतकों में 22 वर्ष की एक युवती और 28 वर्ष का एक युवक भी है। खांसी और बुखार के कारण युवती को पांच मार्च को बेंगलूरु के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। ठीक एक माह के बाद पांच अप्रेल को उसने दम तोड़ दिया।

राज्य में शुक्रवार को मृत्यु दर 1.22 फीसदी और रिकवरी दर 93.23 फीसदी दर्ज की गई।

1.35 लाख से ज्यादा लोगों का हुआ कोविड जांच
स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में गत 24 घंटे में 7,230 रैपिड एंटीजन और 1,27,933 आरटी-पीसीआर जांच सहित कुल 1,35,163 नए सैंपल जांचे।

बेंगलूरु में 90 फीसदी से नीचे पहुंची रिकवरी दर
7,955 नए मरीजों में से 5,576 मरीज अकेले बेंगलूरु शहरी जिले में मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4,70,014 पहुंच गया है। इनमें से 4,22,719 मरीज उबरे हैं। 42,525 मरीजों का उपचार जारी है। शहर में कोविड से कुल 4,769 मरीजों की मौत हुई है। बेंगलूरु में रिकवरी दर घट कर 89.93 फीसदी पहुंच गई है जबकि मृत्यु दर 1.01 फीसदी है।

9 जिलों में 100 से ज्यादा संक्रमित
मैसूरु जिले में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को 283 लोग संक्रमित हो गए। कलबुर्गी जिले में 211, बीदर जिले में 186, हासन जिले में 153, तुमकूरु जिले में 145, विजयपुर जिले में 127, चिकबल्लापुर जिले में 119, दक्षिण कन्नड़ जिले में 115 और मंड्या जिले में 104 नए मामले सामने आए।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो