बैंगलोर

वाल्मीकि जयंती की उपेक्षा करना निंदनीय : भाजपा

महर्षि वाल्मीकि के साथ ही वाल्मीकि समुदाय के लोगों को भी अपमानित किया

बैंगलोरOct 25, 2018 / 06:26 pm

Sanjay Kumar Kareer

वाल्मीकि जयंती की उपेक्षा करना निंदनीय : भाजपा

बेंगलूरु. भाजपा ने वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम के प्रति गठबंधन सरकार के उपेक्षित रवैये की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने ऐसा करके महर्षि वाल्मीकि के साथ ही वाल्मीकि समुदाय के लोगों को भी अपमानित किया है।
पार्टी के प्रदेश महासचिव एन. रविकुमार ने बुधवार को यहां जारी बयान में कहा कि येड्डियूरप्पा जब राज्य के मुख्यमंत्री के पद पर थे, तब उन्होंने वाल्मीकि जयंती को सरकारी कार्यक्रम के तहत मनाने की पहल की थी।
कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने वाल्मीकि जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया और इस साल के व पुरस्कार के लिए एचडी देवेगौड़ा के नाम का चयन कर सभी को आश्चर्य में डाल दिया। लेकिन पुरस्कार ग्रहण करने के बजाय देवेगौड़ा विदेश यात्रा पर निकल गए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी व उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए परिश्रम करने वाले महान लोगों को वाल्मीकि पुरस्कार देने का मुख्य उद्देश्य था, लेकिन इस साल पुरस्कार के लिए चयन पर सवाल खड़े होते हैं। इतना ही नहीं देवेगौड़ा ने जान-बूझकर कार्यक्रम से दूर रहकर भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
सीएम अस्वस्थ, सभी कार्यक्रम रद्द

मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने स्वास्थ्य में आई गिरावट से आखिरी क्षणों में वाल्मीकि समारोह में शामिल नहीं होने का फैसला किया। उन्होंने पेट में दर्द, थकान और चक्कर आने की शिकायत की जिसके बाद अस्पताल ले जाया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पिछले एक सप्ताह से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे।
बुधवार को सुबह मुख्यमंत्री को 10 बजे विधायक भवन स्थित वाल्मीकि की प्रतिमा का माल्यार्पण करना था और इसके बाद सुबह 11 बजे विधानसौधा के बेंक्वेट हाल में आयोजित महर्षि वाल्मीकि जयंती समारोह में भाग लेना था लेकिन अस्वस्थता के कारण वे इन दोनों कार्यक्रमों में नहीं पहुंच सके। इसके बाद दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री को दक्षिण कन्नड़ जिले के धर्मस्थल में डॉ वीरेंद्र हेगड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेना था, लेकिन उनके अस्वस्थ होने के कारण वहां भी नहीं जा सके।
सिद्धू ने किया वाल्मीकि समुदाय का अपमान : येड्डियूरप्पा

हुब्बल्ली. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा ने बुधवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामयय ने पूर्व मंत्री बी श्रीरामुलू को ४२० कहकर पूरे वाल्मीकि समुदाय का अपमान किया। जमखंडी जाने के दौरान हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में येड्डियूरप्पा ने कहा कि सिद्धरामय्या जिस तरह की भाषा का उपयोग कर रहे हैं मुख्यमंत्री पद पर रहे नेता की गरिमा के विपरीत है।

Home / Bangalore / वाल्मीकि जयंती की उपेक्षा करना निंदनीय : भाजपा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.