scriptभाजपा के गले की हड्डी बने रेड्डी को क्यों छोड़ना पड़ा चित्रदुर्गा | Chhathidurga had to quit BJP's bone reddy | Patrika News

भाजपा के गले की हड्डी बने रेड्डी को क्यों छोड़ना पड़ा चित्रदुर्गा

locationबैंगलोरPublished: Apr 29, 2018 05:32:04 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के चित्रदुर्गा पहुंचने से पहले ही रेड्डी शनिवार को बेंगलूरु आ गए

janardan reddy
बेंगलूरु. भाजपा आलाकमान के नाराजगी जताने के बाद अब पूर्व मंत्री जनार्दन रेड्डी पार्टी के प्रचार से दूरी बनाते दिख रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के चित्रदुर्गा पहुंचने से पहले ही रेड्डी शनिवार को बेंगलूरु आ गए।
शाह रविवार को चित्रदुर्गा का दौरा करेंगे। इससे पहले शुक्रवार को शाह ने अंतिम क्षणों में बल्लारी का दौरा रद्द कर दिया था। बताया जाता है कि शाह बल्लारी की रैली में खनन घोटाले को लेकर विवादों में घिरे रेड्डी के साथ मंच साझा नहीं करना चाहते थे। बताया जाता है कि बाद में शाह ने पार्टी के नेताओं को भी रेड्डी से दूरी बनाए रखने के लिए कहा।
साथ ही रेड्डी को पार्टी के उम्मीदवारों को खुलकर प्रचार नहीं करने के निर्देश दिए। शाह चित्रदुर्गा जिले के मोलकालमूरु से उम्मीदवार व सांसद बी श्रीरामुलू के नामांकन के समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा के साथ रेड्डी की मौजूदगी और रैली में मंच साझा करने को लेकर नाराज थे।
गौरतलब है कि रेड्डी पिछले कुछ समय से बल्लारी जिले से सटे चित्रदुर्गा के मेगलहट्टी के फार्म हाउस में रह रहे हैं और वहीं से अपने पुराने मित्र श्रीरामुलू के प्रचार कर रहे हैं। रेड्डी के बल्लारी जिले में प्रवेश पर रोक लगी हुई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रेड्डी बंधुओं को टिकट देने पर उपजे विवाद के बाद बल्लारी में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली भी रद्द की जा सकती है। हालांकि, पार्टी ने अभी इस कोई निर्णय नहीं किया है।
—————

खेत में उतरा शाह का हेलीकॉप्टर, किसान ने की पुलिस से शिकायत
बागलकोट. जिले के इलकल के एक किसान ने शनिवार को स्थानीय पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। किसान जगदीश करादी ने आरोप लगाया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हेलिकॉप्टर उतारने के लिए स्थानीय भाजपा नेताओं ने उनके खेत में अवैध रूप से अस्थाई हेलिपैड बनवा दिया। इससे उनकी फसल नष्ट हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ दुव्र्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अमित शाह शनिवार को इलकल में एक रैली को संबोधित करने हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो