scriptमुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कांग्रेस को दी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द करने की सलाह | Chief Minister Kumaraswamy advised Congress to expedite expansion | Patrika News

मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने कांग्रेस को दी मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द करने की सलाह

locationबैंगलोरPublished: Sep 16, 2018 11:25:25 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

वेणुगोपाल के साथ की बैठक

सप्ताह भर में घोषणा या इस्तीफा

Announcement or resignation within the week: Kumarswami

बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कांग्रेस प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल को मंत्रिमंडल का विस्तार व निगम बोर्ड में नियुक्तियां जल्द करने की सलाह दी है।
मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने शनिवार देर रात कांग्रेस महासचिव व राज्य मामलों के प्रभारी के.सी. वेणुगोपाल के साथ प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम के संबंध में विस्तार से चर्चा की। सूत्रों का कहना है कि बातचीत के दौरान कुमारस्वामी ने हाल के राजनीतिक घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार व निगम बोर्ड की नियुक्तियां जल्द कर कांग्रेस में उभरे असंतोष पर अंकुश लगाया जाए। कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों के कारण राज्य में गठबंधन सरकार की अस्थिरता की अफवाहों को बल मिल रहा है और इसकी वजह से प्रशासन पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जद-एस में किसी तरह का असंतोष नहीं है पर कांग्रेस विधायक हर दिन नए विवाद को जन्म दे रहे हैं। एक तरफ बेलगावी के जारकीहोल्ली बंधु विवाद खड़े कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस की बल्लारी इकाई में भी बगावत के सुर उठ रहे हैं। भाजपा के ऑपरेशन कमल के कारण हो रही समस्याओं से अधिक कांग्रेस के नेताओं की अंदरूनी साजिशों ने बड़ी समस्याएं पैदा कर दी हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे राजनीतिक खेल उन्हें पसंद नहीं है यदि कांग्रेस की इच्छा हो तो सरकार को आगे चलाएं वरना स्पष्ट बता दें। जबरदस्ती सरकार चलाने की उनकी भी कोई इच्छा नहीं हैं। कुमारस्वामी ने कहा कि आप अपनी पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठकें कर समस्याओं को यथाशीघ्र दूर करें और सर्वसम्मति से निर्णय कर सरकार की अस्थिरता पर स्थाई रूप से विराम लगाएं ताकि प्रशासन को चुस्त दुरुस्त बनाने पर ध्यान केन्द्रित किया जा सके। अगले पांच साल तक सरकार कोई समस्या नहीं होने देने पर ही बेहतर प्रसासन देना संभव है वरना लोगों का विश्वास उठ जाएगा और आगामी लोकसभा चुनाव पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा।
सूत्रों ने कहा कि बैठक के दौरान कुमारस्वामी की बातों पर वेणुगोपाल ने सहमति जताई और भरोसा दिलाया कि सरकार के अस्तित्व को आंच नहीं आने दी जाएगी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच भाजपा के ऑपरेशन कमल, कांग्रेस के विधायकों के साथ भाजपा नेताओं के संपर्क सहित तमाम राजनीतिक मसलों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ट्रेंडिंग वीडियो