scriptमुख्य सचिव के खिलाफ एसीबी में की शिकायत | Complaint against Chief Secretary in ACB | Patrika News

मुख्य सचिव के खिलाफ एसीबी में की शिकायत

locationबैंगलोरPublished: Jun 13, 2018 06:00:44 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

भ्रष्टाचार का आरोप: पूर्व सरकारी कर्मचारी ने की शिकायत

ratnprabha

मुख्य सचिव के खिलाफ एसीबी में की शिकायत

बेंगलूरु. कर्नाटक की मुख्य सचिव के. रत्नप्रभा के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत दर्ज कराई गई है। रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के पूर्व कर्मचारी शंकर देवेगौड़ा ने एसीबी मुख्यालय में दर्ज कराई शिकायत में कहा है कि रत्नप्रभा अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही हैं। रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के ६२ अधिकारियों को उच्चतम न्यायालय ने पदोन्नति वापस लेकर उनके मूल पोस्ट पर वापस भेजने का आदेश दिया है। इस आदेश का पालन नहीं करने के लिए रत्नप्रभा विभाग के सचिव पर दबाव डाल रही हैं।
लोकायुक्त ने दिए जांच के आदेश
इस मामले की जांच कर जो सरकारी कर्मचारी पदोन्नति का अधिकार रखते हैं, उन्हें पदोन्नति देने और उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन करने के लिए विभाग के सचिव को आदेश जारी करने का अनुरोध किया है। लोकायुक्त विश्वनाथ शेट्टी ने आरोपों को गंभीरता से लेकर जांच का आदेश दिया है।
ब्रेक फेल होने से बस पेट्रोल पंप में घुसी
बेंगलूरु. तुमकूर रोड के गोरेगुंटेपाल्या के पास ब्रेक विफल हो जाने पर सरकारी बस पेट्रोल पंप परिसर में घुस गई और दीवार से टकरा गई। पुलिस के अनुसार हासन से बेंगलूरु को कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस आ रही थी। गोरेगुंटेपाल्या के पास बस का ब्रेक विफल होने पर चालक का नियंत्रण खो गया।
बस स्पर्श अस्पताल के बगल वाले पेट्रोल पंप परिसर में घुस गई और एक दीवार से टकराकर रुक गई। बस में सवार १५ से अधिक यात्री बाल-बाल बच गए। उन्हें बस से उतार कर अन्य बसों में भेजा गया। अगर बस पेट्रोल पंप से टकराती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस पेट्रोल पंप में घुसने पर वहां कार्यरत सभी कर्मचारी अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए। बस की टक्कर से कैबिन, पाइप लाइन और दो दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचा है। आरएमसी यार्ड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो