scriptनहरी पानी के दुरुपयोग की शिकायत | Complaint of misuse of canal water | Patrika News

नहरी पानी के दुरुपयोग की शिकायत

locationबैंगलोरPublished: May 24, 2020 09:40:19 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

विधायक पाटील ने किया नहर का अवलोकन

नहरी पानी के दुरुपयोग की शिकायत

नहरी पानी के दुरुपयोग की शिकायत

विजयपुर . विधायक व पूर्व सिंचाई मंत्री एम.बी. पाटील के कार्यकाल में निर्मित नहर का पानी अंतिम गांव तक नहीं पहुंच पा रहा है। बड़ी मात्रा में इस नहरी पानी का अवैध रूप से उपयोग बीच वाले गांव के किसान कर रहे हैं।
इसकी जानकारी मिलते ही गुरुवार को नहर का दौरा कर अवैध रूप से पानी का उपयोग करने वालों को विधायक एम.बी. पाटील ने आड़ेे हाथों लिया।

मुलवाड लिफ्ट सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्मित मलघाण पश्चिम नहर मसूति से तोदलबागी 118 कि.मी. लंबी है। इसमें 100 कि.मी बबलेश्वर क्षेत्र के दायरे में स्थित है।
नहर में पानी बहाए कुछ महीने बीत जाने के बावजूद कई गांव जैसे अर्जुणगी, हेब्बालट्टी में अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। इस क्षेत्र के ग्रामीणों ने एमबी पाटिल से पानी की सुविधा मुहैया करवाने की मांग रखी थी।
पूर्व मंत्री एमबी पाटील ने नहरी पानी को अंतिम गांव तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कृष्णा भाग्य जल निगम के अधिकारियों को सौंपी थी।

अधिकारियों की लाख कोशिश के बावजूद पानी 70 किलोमीटर से आगे बह ही नहीं पा रहा था। इसकी वजह यही थी कि शेगुणसी, कंबागी तथा संगापुर एस. एच. गांव के किसान बड़ी मात्रा में पम्प से पानी खींच लेते थे।
अधिकारियों के समझाने के बावजूद किसानों ने अधिकारियों की एक न सुनी। किसानों का अवैध रूप से पानी निकालना जारी रहा।

आखिरकार असहाय हुए अधिकारियों को एमबी पाटील के सम्मुख अपनी व्यथा सुनानी पड़ी। बस फिर क्या था अवैध रूप से जिस गांव में पानी का उपयोग किया जाता था वहां के किसान नेताओं को पाटील ने आड़े हाथों लिया।
उन्होंने अवैध रूप से जल संपर्क बंद न किए जाने पर ठोस कदम उठाने की चेतावनी दी। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित बबलेश्वर के पीएसआई संजीव कल्लूर को गश्त लगाने को कहा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो