scriptकांग्रेस ने निर्मला सीतारामन पर साधा निशाना | Congress aims at Nirmala Sitharaman | Patrika News

कांग्रेस ने निर्मला सीतारामन पर साधा निशाना

locationबैंगलोरPublished: Aug 07, 2018 08:27:07 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

गुंडूराव ने कहा : रक्षा मंत्री प्रदेश की हितों की रक्षा करने में विफल

dinsh_nirmala
बेंगलूरु. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन पर बड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनप्रतिनिधि होने के बावजूद वे जनता और प्रदेश के हितों की रक्षा करने में विफल रही हैं। गुंडूराव ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीतारामन की प्रदेश से संबंधित मामलों में कोई रुचि नहीं है। प्रदेश के कई विवाद हैं लेकिन रक्षा मंत्री ने उन्हें सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री से कोई चर्चा नहीं की। उन्हें प्रदेश के नागरिकों की हितों की रक्षा करने की जरूरत है।
उन्होंने निर्मला सीतारामन को पत्र लिख कर उनकी जिम्मेदारियां याद दिलाई हैं। उन्हें बताया है कि प्रदेश के साथ 15वें वित्त आयोग की राशि वितरण में अन्याय हुआ है। बैंकिंग परीक्षा में कर्नाटक के उम्मीदवारों को स्थानीय भाषा में परीक्षा देने का अवसर नहीं मिल रहा है। राफाल युद्धक विमान के निर्माण का करार और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) केंद्र उत्तर प्रदेश को स्थानांतरित कर दिया गया है। एयरो इंडिया का भी उत्तर प्रदेश में आयोजन करने की तैयारियां हो रही है लेकिन उन्होंने चुप्पी साध रखी है।
कांगेस के प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि निर्मला सीतारामन हर विषय पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही है। संसद में निर्मला सीतारामन ने राफाल युद्धक विमान के करार को गुप्त में रखने की बात कही है। केन्द्र सरकार को संसद और राज्यसभा में किसी भी करार या प्रमुख विषयों की जानकारी देना अनिवार्य है। इस सभी विषयों पर गंभीर से विचार कर प्रदेश को न्याय दिलाना जरूरी है।
भारत छोड़ो आंदोलन
उन्होंने कहा कि गुरुवार को भारत छोड़ो आंदोलन का आयोजन होगा। इसके लिए आंदोलन में भाग लेने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को आमंत्रित किया गया है। स्वतंत्रता सेनानी एचएस दोरैस्वामी मुख्य अथिति होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी 13 अगस्त को बीदर में जनध्वनि कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसी कार्यक्रम से ही लोकसभा चुनाव की तैयारी का बिगुल बजाया जाएगा और नागरिकों को केंद्र सरकार की विफलता के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को छोड़ अन्य राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस समितियों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों को दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश की कांग्रेस और जनता दल-एस गठबंधन सरकार गिराने का षड्यंत्र कर रही है। अभी तक भाजपा कई कांग्रेस विधायकों को लालच देकर पार्टी में शामिल कराने के प्रयास जारी रखे है।

ट्रेंडिंग वीडियो