scriptवोट के लिए कांग्रेस को याद आया हिंदुत्व : योगी | congress only remember HINDUTVA in poll times UP CM yogi blames | Patrika News

वोट के लिए कांग्रेस को याद आया हिंदुत्व : योगी

locationबैंगलोरPublished: Jan 07, 2018 06:44:52 pm

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधा

yogi rally
बेंगलूरु. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे हिंदुओं की ताकत देखकर वोट के लिए हिंदुत्व की याद आ रही है।
शहर के विजयनगर क्षेत्र में भाजपा की परिर्वतन यात्रा सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस जाति के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है और देश के लिए एक बोझ साबित हो रही है।
योगी ने कहा कि कांगे्रस राज्य को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए एटीएम की तरह इस्तेमाल कर रही है जबकि विकास कार्य बिल्कुल ठप पड़े हुए हैं। लोगों से राज्य में भाजपा को जिताने की अपील करते हुए योगी ने कहा कि केंद्र की योजनाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए दोनों जगहों पर एक ही पार्टी और विचारधारा की सरकार होनी जरुरी है। कांग्रेस सरकार पर विकास से विमुख होने का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ राज्य के संसाधनों का दोहन अपने राजनीतिक हितों के लिए कर रही है। योगी ने कहा कि अभी कर्नाटक विकास के क्षेत्र में आदर्श हुआ करता था लेकिन कांग्रेस के पांच साल के शासनकाल में यह पिछड़ गया है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कांग्रेस देश का विकास करना चाहती है और युवाओं, किसानों और बेंगलूरु जैसे शहरों तक विकास की इन योजनाओं के पहुंचने के लिए यहां भी भाजपा की सरकार होनी जरुरी है। योगी ने कहा कि पूरे देश में लोग कांग्रेस को हटाने के लिए वोट कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में जनता ने कांग्रेस को हटाकर भाजपा को चुना जबकि गुजरात में भाजपा ने छठी बार सरकार बनाई है, जो देश में विकास का एक पैमाना बन चुका है। योगी ने कहा कि आज जनता को विकास चाहिए, विभाजन की राजनीति नहीं। योगी ने कहा कि भ्रष्ट आचरण, विभाजनकारी नीतियों के कारण ही कर्नाटक का विकास थम गया है। लिंगायत-वीरशैव विवाद का जिक्र किए बिना योगी ने कहा कि कांग्रेस आपको जाति के नाम पर बांटने की कोशिश करेगी।
तटवर्ती इलाकों में भाजपा और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं की हत्याओं का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। राज्य के हालात की तुलना उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से पहले की स्थिति की तुलना करते हुए योगी ने कहा कि जब से भाजपा सत्ता में आई है, उत्तर प्रदेश में एक भी दंगे नहीं हुए हैं। पहले उप्र में बेटियां सुरक्षित नहीं थी, दिन-ब-दिन अपराध बढ़ रहा था, हर दूसरे दिन दंगे होते थे लेकिन अब उप्र विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
योगी ने तीन तलाक विरोधी विधेयक को पारित होने देने में भी अवरोध पैदा करने को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रस इस मसले पर दोहरी चाल चलती दिखी। कांग्रेस का महिला सशक्तिरण से जुड़े इस मसले पर रूख साफ नहीं है। राज्य की कांग्रेस सरकार ने भी इस विधेयक का विरोध किया है। योगी ने कहा कि अब लोगों को तय करना है कि वे कि विकास के साथ जाना चाहते हैं या फतवे के साथ।
हिंदू हैं तो गोमांस खाने की पैरवी क्यों करते हैं सिद्धू
योगी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि वे हिंदू हैं। चुनाव में हिंदुओं की ताकत का अहसास होने पर सिद्धरामय्या को ठीक वैसे ही हिंदुत्व याद आ रहा है, जैसे राहुल गांधी को गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान मंदिर याद आ रहे थे। योगी ने कहा कि हिंदुत्व तो भारत की जीवन पद्धति है। हिंदुत्व कोई जाति, मत या मजहब नहीं है बल्कि भारत के अनुसार जीवन जीना है। जीवन की उत्कृष्टतम जीवन पद्धति हिंदुत्व है।
योगी ने राज्य के अपने समकक्ष सिद्धरामय्या और उनकी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अगर सिद्धरामय्या खुद को हिंदू कहते हैं तो फिर वे गोमांस खाने की पैरवी क्यों करते हैं। उन्होंने कहा कि योगी ने कहा कि सिद्धरामय्या से मैं पूछना चाहता हूं कि अगर वह हिंदू हैं तो गोमांस खाने की पैरवी करना कितना उचित है? हिंदुत्व गोमांस खाने की वकालत नहीं करता है। योगी ने कहा कि दोनों चीजें एक साथ नहीं हो सकती हैं। योगी ने कहा कि राज्य की पिछली भाजपा सरकार ने गोवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए कानून बनाने की कोशिश की थी लेकिन कांग्रेस ने उसे आगे नहीं बढऩे दिया।

हिंदुत्व पर केंद्रित रहा भाषण
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में फतह के बाद भाजपा की निगाहें कर्नाटक पर टिकी हैं। योगी के सहारे भाजपा राज्य में हिंदुत्व के एजेंडा बनाने की कोशिश कर रही। योगी का भाषण हिंदुत्व और राम के पर ही केंद्रित रहा। योगी ने कहा कि राम को याद करिए, जब सीता का अपहण होता है तो वह जंगल में भटकते हैं। उन्हें कोई राह नही सूझती तो कर्नाटक के जंगल में जन्मे बजरंगबली ने उन्हें राह दिखाई। सम-विषम परिस्थितियों में राह दिखाने वाला कर्नाटक ऊर्जा का प्रतीक है। कर्नाटक की भूमि ने राम को राह दिखाई। हनुमान और राम ने मिलकर सीता को मुक्त कराया था और अब उत्तर और दक्षिण भारत की जनता को भाजपा की जीत के लिए साथ आना होगा।
योगी ने शुरु में दो पंक्तियां कन्नड़ में बोली और जय श्रीराम के साथ भाषण खत्म किया। योगी का पिछले तीन सप्ताह में यह प्रदेश का दूसरा और बेंगलूरु का पहला दौरा था। इससे पहले पिछले महीने के अंत में योगी ने हुब्बल्ली में सभा को संबोधित किया था।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो