scriptमंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में जुटी कांग्रेस | Congress ready to expand cabinet | Patrika News

मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में जुटी कांग्रेस

locationबैंगलोरPublished: Jul 17, 2018 12:57:29 am

Submitted by:

Rajendra Vyas

अगले सप्ताह हो सकती है निगम-मंडलों में नियुक्तियां

cabinet-expansion

मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी में जुटी कांग्रेस

आसार: राहुल से मुलाकात 18 को
आषाढ़ के बाद नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
बेंगलूरु. गठबंधन सरकार में साझीदार कांग्रेस मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारियों में जुट गई है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि फिलहाल एक महीने तक मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और जद-एस नेतृत्व शायद ही मंत्रिमंडल विस्तार के लिए सहमत हो। शनिवार से स्थानीय कन्नड़ पंचांग के मुताबिक शुरू हुए आषाढ़ मास को शुभ नहीं माना जाता है और इसी कारण चर्चा है कि मंत्रिमंडल विस्तार 11 अगस्त के बाद ही संभव होगा। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान के प्रदेश नेताओं को दिल्ली बुलाए जाने के कारण मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं एक बार फिर से तेज हो गई है।
उपमुख्यमंत्री डॉ जी परमेश्वर ने रविवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पार्टी आलाकमान ने 18 जुलाई को प्रदेश के नेताओं को दिल्ली बुलाया है। परमेश्वर ने कहा कि बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही निगम-मंडलों में मनोनयन के बारे में भी चर्चा होगी। मंत्रिमंडल में कांग्रेस के कोटे की छह सीटें अभी रिक्त हैं लेकिन एक दर्जन से अधिक दावेदारों के कारण पार्टी अलाकमान को निर्णय लेने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। परमेश्वर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दोनों दलों के बीच निगम-मंडलों की संख्या को लेकर सहमति बन गई है और अब दोनों पार्टियों को सिर्फ यह तय करना है कि किस नेता को किस निगम या मंडल में किस पद पर मनोनीत किया जाए। बताया जाता है कि परमेश्वर के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या भी राहुल और अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के लिए दिल्ली जाएंगे।
पहले दौर के मंत्रिमंडल विस्तार में पद पाने से वंचित रहे एम बी पाटिल, एच के पाटिल और रोशन बेग जैसे नेताओं का जल्द मंत्रिमंडल विस्तार के लिए काफी दबाव है। इनमें से कुछ नेताओं को आलाकमान ने मंत्री बनाने का आश्वासन भी दिया है। हालांकि, प्रदेश कांगे्रस के कुछ नेता तत्काल मंत्रिमंडल विस्तार का विरोध कर रहे हैं। इन नेताओं को कहना है कि दूसरे विस्तार के बाद वंचित नेताओं में अपेक्षााकृत ज्यादा नाराजगी उभर सकती है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी आलाकमान मंत्रिमंडल विस्तार से पहले निगम-मंडलों में नियुक्ति का निर्णय ले सकता है ताकि कुछ असंतुष्ट और नाराज नेताओं को पद देकर उनकी नाराजगी दूर कर दी जाए। इससे मंत्री पद के दावेदारों की संख्या कम करने में भी मदद मिलेगी। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि निगम-मंडलों की नियुक्तियां 20 से 23 जुलाई के बीच हो सकती हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल चाहते हैं कि मंत्रिमंडल के अगले विस्तार से पहले प्रदेश संगठन को मजबूत किया जाए। पिछले सप्ताह जब नए प्रदेश अध्यक्ष दिनेश और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर खंड्रे ने राहुल से मुलाकात की थी तब भी उन्होंने दोनों नेताओं को जिला से लेकर ब्लॉक स्तर पर पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कहा था। दोनों नेता अभी जिलों का दौरा कर हालात को समझने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जाता है कि अगले सप्ताह प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाए जाने की तैयारी भी चल रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो