बैंगलोर

लोकसभा चुनाव से पहले लोगों से चंदा जुटाएगी कांग्रेस

पार्टी का लक्ष्य हर बूथ से कम से कम 10 हजार रुपए एकत्रित करने का है

बैंगलोरSep 25, 2018 / 12:45 am

कुमार जीवेन्द्र झा

congress

बेंगलूरु. अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस राज्य में जमीनी स्तर संगठन को मजबूत बनाने के लिए एक सप्ताह तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी। साथ ही लोगों से चंदा भी एकत्रित करेगी। पार्टी का लक्ष्य हर बूथ से कम से कम १० हजार रुपए एकत्रित करने का है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी के सी वेणुगोपाल ने कहा कि इस जनसंपर्क अभियान के दौरान बूथ स्तरीय समिति के पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और उन्हें केंद्र सरकारी विफलताओं व राज्य के गठबंधन सरकार की सफलताओं के बारे में पर्चा देंगे। साथ ही पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों के बारे में बताएंगे। साथ ही पार्टी के लिए चंदा भी एकत्रित करेंगे। पार्टी का जनसंपर्क सह चंद्रा संग्रहण अभियान गांधी जयंती के मौके पर २ अक्टूबर को शुरू होगा और ९ अक्टूबर तक चलेगा।
वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी के सभी नेता इस अभियान में भाग लेंगे। पार्टी नेता सड़कों पर उतरने के साथ ही दूर-दराज के इलाकों में भी जाकर चंदा मांगेंगे। साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार भी करेंगे। वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी को अगले लोकसभा चुनाव में देशव्यापी अभियान चलाने के लिए अधिक धन की आवश्यकता है, इसीलिए बूथ स्तर पर चंदा जुटाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए लक्ष्य भी तय किया गया है। इस अभियान से लोगों से संपर्क बढ़ाने में मदद मिलेगी और इस दौरान संग्रहित जानकारी से पार्टी के शक्ति कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी।
पार्टी ने हरेक बूथ से 10 हजार रुपए का कोष एकत्रित करने का निश्चय किया है। इसका 50 फीसदी हिस्सा केंद्रीय समिति तथा शेष 50 फीसदी में से 20 फीसदी ब्लाक कमेटियों व 15-15 फीसदी जिला व प्रदेश समिति को मिलेगा। इसी दौरान 18 से लेकर 21 साल के युवाओं को पार्टी से जोडऩे के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खंड्रे, एआइसीसी के सचिव विष्णुनाथन, मधु याक्षी गौड़ा, माणिकम टैगोर, यशोमति ठाकोर मौजूद थे।

Home / Bangalore / लोकसभा चुनाव से पहले लोगों से चंदा जुटाएगी कांग्रेस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.