scriptरोशन बेग को छोड़ बाकी सभी भाजपा में | Disqualified MLAs joined BJP | Patrika News

रोशन बेग को छोड़ बाकी सभी भाजपा में

locationबैंगलोरPublished: Nov 14, 2019 07:06:08 pm

Submitted by:

Rajeev Mishra

16 विधायकों को भाजपा की सदस्यता, 13 को टिकट, रोशन बेग का हुआ विरोध, शंकर के भविष्य पर अभी फैसला नहीं, भाजपा में भी बगावत

रोशन बेग को छोड़ बाकी सभी भाजपा में

रोशन बेग को छोड़ बाकी सभी भाजपा में

बेंगलरु. कांग्रेस-जद-एस गठबंधन सरकार को सत्ता से बेदखल कर भाजपा सरकार के गठन की नींव रखने वाले 17 में से 16 पूर्व विधायकों को वादे के मुताबिक मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा ने पार्टी में शामिल किया और उनमें से 13 को उपचुनावों के लिए मैदान में भी उतार दिया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद गुरुवार को प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज रहीं। सुबह 11 बजे प्रदेश भाजपा मुख्यालय जगन्नाथ भवन में मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस-जद-एस से पाला बदलने वाले 16 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया। ढाई बजते-बजते भाजपा ने 13 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी और सभी सीटों पर अयोग्यता का जोखिम उठाने वाले पूर्व विधायकों को टिकट दे दिया। बीएस येडियूरप्पा ने कहा कि ये सभी भविष्य के विधायक और मंत्री हैं। शाम को शिवाजीनगर विधानसभा सीट पर भी उम्मीदवार को घोषणा हो गई। भाजपा ने अभी तक 15 में से 14 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी लेकिन एक सीट पर अब भी उलझन की स्थिति बनी हुई है। यह सीट है रानीबेन्नूर की जहां से पिछली बार आर.शंकर अपनी पार्टी केपीजेपी पार्टी से जीते थे लेकिन कांग्रेस में विलय होने के कारण उन्हें इस्तीफा दिए बिना पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अयोग्य होना पड़ा। शंकर भाजपा में शामिल तो हो गए लेकिन उन्हें भाजपा ने अभी तक टिकट नहीं दिया। दूसरी, ओर शिवाजीनगर के पूर्व विधायक आर.रोशन बेग को लेकर भाजपा में भारी विरोध है। उन्हें ना तो पार्टी की सदस्यता मिली और ना ही टिकट। दो अन्य विधानसभा सीटों राजराजेश्वरी नगर और मस्की में चुनाव नहीं हो रहे हैं।
भाजपा की सदस्यता लेने वाले पूर्व विधायक

जिन विधायकों को भाजपा में शामिल किया गया उनमें एमटीबी नागराज, एस. टी.सोमशेखर, के. गोपालय्या, बैरती बसवराज, के. मुनिरत्ना, नारायण गौड़ा, ए.एच.विश्वनाथ, डा. सुधाकर, आर.शंकर, बी.सी.पाटिल, प्रतापगौड़ा पाटिल, श्रीमंत गौड़ा पाटिल, महेश कुमटहल्ली, रमेश जारकीहोली, आनंद सिंह तथा शिवराम हेब्बार शामिल हैं।
भाजपा में भी बगावत

कागे ने थामा कांग्रेस का दामन कांग्रेस-जद-एस से आए विधायकों को टिकट मिलने से स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। कागवाड़ से चार बार के विधायक राजू कागे ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। वहीं, होसकोटे विधानसभा क्षेत्र से चिक्कबल्लापुर के भाजपा सांसद बीएन बच्चेगौड़ा के बेटे शरद बच्चेगौड़ा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। वे भाजपा उम्मीदवार एमटीबी नागराज को चुनौती देंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो