बैंगलोर

विपक्षी नेताओं का नहीं करें अपमान : येडियूरप्पा

– कर्नाटक : पार्टी नेताओं को दी अनावश्यक टिप्पणी से बचने की नसीहत- राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर कटील की टिप्पणी को बताया अस्वीकार्य

बैंगलोरOct 23, 2021 / 09:12 am

Nikhil Kumar

Yediyurappa condemns karnataka BJP Chief drug addict remark on Rahul Gandhi

बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा (Former Chief Minister B.S. Yediyurappa) ने भाजपा नेताओं को विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं करने की सलाह दी है। येडियूरप्पा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील (Nalin Kumar Kateel) की उस टिप्पणी पर नाराजगी जताई जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित अपमानजनक बातें कही थी।

भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए सिंदगी पहुंचे येडियूरप्पा ने कहा ‘किसी को भी किसी के बारे में ऐसा नहीं बोलना चाहिए। मैं कटील से बात करूंगा और पूछूंगा कि इस तरह के बयान के पीछे क्या पृष्ठभूमि थी। उन्होंने ऐसा किस आधार पर कहा। इस तरह से बोलने की कोई जरूरत नहीं थी। यह अनावश्यक था।’ उन्होंने कहा कि किसी को भी राहुल गांधी जैसे नेता के खिलाफ अपमानजनक बात नहीं बोलनी चाहिए। उनकी पार्टी के कार्यकर्ता उनका सम्मान करते हैं। हालांकि, येडियूरप्पा ने कटील के बयान पर अस्वीकृति जताई है। लेकिन, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता गणेश कार्णिक ने उनका बचाव किया। कार्णिक ने कहा कि राहुल गांधी पर कटील का बयान भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी के साक्षात्कार पर आधारित था जिसमें उन्होंने इस तरह के दावे किए थे।

गौरतलब है कि प्रदेश की दोनों प्रमुख पार्टियों के बीच वाकयुद्ध तब शुरू हुआ जब कांग्रेस के ट्विटर हैंडल (Twitter handle) से पीएम मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को लेकर कथित अमर्यादित टिप्पणी की गई। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ( D K Shivakumar) ने बयान पर खेद जताया और ट्वीट भी डिलिट कर दिया गया। लेकिन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अपमानजनक बातें कही।

Home / Bangalore / विपक्षी नेताओं का नहीं करें अपमान : येडियूरप्पा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.