होसपेट में रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से जनता तक पहुंचने और राज्य के साथ ही केंद्र में भाजपा की सरकार द्वारा किए गए अच्छे काम के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि पार्टी का विजन और मिशन बिल्कुल स्पष्ट होना चाहिए कि कार्यकर्ता और नेता कुर्सी के पीछे नहीं भाग रहे हैं। वे सिर्फ विधायक, मंत्री या सांसद नहीं बनना चाहते हैं बल्कि वे समाज में बदलाव सुनिश्चित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा 'हम सभी को अपने मिशन के प्रति समर्पित और प्रतिबद्ध होना हैै। हमें यह देखना है कि देश आगे बढ़े। पार्टी और खुद परिवर्तन का साधन बनें।'
लोगों की जिंदगियां बदल रही सरकारी योजनाएं
नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, एक देश एक राशन कार्ड और प्रधानमंत्री किसान बीमा योजना आदि का जिक्र किया और दावा किया इसने लोगों की जिंदगियां बदल दी। उन्होंने कहा कि मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा के साथ-साथ मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में राज्य विकास पथ पर अग्रसर है। यह राज्य का के लिए स्वर्णिम दौर है। देश को विकास की राह पर ले जाने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। कांग्रेस या क्षेत्रीय दल में कोई नेता यह नहीं बता सकता कि वे लोगों के लिए क्या करने जा रहे हैं।
विपक्ष के पास गरीबों के लिए कुछ नहीं
उन्होंने दावा किया कि दूसरी पार्टियां लोगों को क्षेत्र, भाषा और जाति के नाम पर बांट रही हैं लेकिन, गरीबों के लिए उनके पास कुछ नहीं है। उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में जहां भाजपा की हार का दावा किया गया, वहां भाजपा सत्ता में वापस आई। उत्तर प्रदेश में आजादी के बाद पहली बार हुआ जब किसी मुख्यमंत्री ने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया और फिर दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
महज एक क्षेत्रीय पार्टी बन चुकी है कांग्रेस
कांग्रेस का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह ना तो भारतीय और ना ही राष्ट्रीय पार्टी है। यह दो राज्यों तक सिमटी एक क्षेत्रीय पार्टी बन गई है। अब यह कांग्रेस नहीं रही। जो भी पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बोलता है वह पार्टी विरोधी करार दिया जाता है। यह सिर्फ एक भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है।