scriptचुनावी चक्रम: जद (ध) से नाराज क्यों हैं मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या! | Election Chakra: Chief Minister Siddharamaiah, why are you angry with | Patrika News

चुनावी चक्रम: जद (ध) से नाराज क्यों हैं मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या!

locationबैंगलोरPublished: Mar 28, 2018 05:58:04 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

देवेगौड़ा परिवार से उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता नई नहीं है

siddu
बेंगलूरु. राजनीतिक हलकों में पर इस बात पर चर्चा गर्म है कि आखिर मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या जद (ध) और उसके नेताओं से इतने खफा क्यों हैं? हालांकि, जद (ध) और देवेगौड़ा परिवार से उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता नई नहीं है लेकिन हाल के दिनों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जद (ध) पर कड़े प्रहार से कांग्रेस के पुराने नेता भी परेशान हैं। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद नहीं थी कि चुनाव से ऐन पहले राहुल और सिद्धरामय्या जद (ध) पर इतने आक्रामक हमले करेंगे।
सिद्धरामय्या के करीबी सूत्रों का कहना है कि वे इस बात से नाराज हैं कि जद (ध) सत्ता पाने के लिए भाजपा से नजदीकियां बढ़ा रहा है। बताया जाता है कि सिद्धरामय्या को जद (ध) सूत्रों से पता चला कि पार्टी 50 सीटें भी जीत पाने की स्थिति में नहीं है। वह चुनाव के बाद किंगमेकर बनने और सत्ता पाने के लिए भाजपा की मदद करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक जद (ध) अपने कमजोर जनाधार वाले ५० मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रहा है। इससे कांग्रेस और जद (ध) के बीच मतों का विभाजन होगा तथा इससे भाजपा को फायदा मिलेगा। बताया जाता है कि सिद्धू इसी दांव से नाराज हैं।
राजनीतिक दलों ने किया स्वागत
बेंगलूरु. कांग्रेस, भाजपा तथा जनता दल (ध) ने केन्द्रीय निर्वाचन आयोग के 12 मई को एक चरण में विधानसभा के चुनाव कराने के निर्णय का स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जी. परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस चुनाव का सामना करने को तैयार है। कांग्रेस को इस बार पिछले चुनाव से भी बेहतर प्रदर्शन करने और बहुमत के साथ सत्ता में बने रहने का पूर्ण विश्वास है।
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि इस खबर की थोड़े और विलंब से अपेक्षा की जा रही थी लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ने आज ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी, जिसका हम स्वागत करते हैं। पार्टी चुनावों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सिद्धरामय्या ने कहा कि भाजपा चुनाव में उतरने से पहले ही हताशा में है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस मुक्त कर्नाटक की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने प्रत्येक मतदाता से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का अनुरोध किया। जद (ध) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा ने कहा कि जद (ध) भी चुनाव का सामना करने को तैयार है। उनकी पार्टी कांग्रेस या भाजपा के साथ कोई गठजोड़ करने के बजाय अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।उधर, दो दिवसीय प्रवास पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी करेगी। भाजपा को लोगों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है पार्टी को 224 में से 150 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करने का पूरा विश्वास है।
भाजपा ने की मांग: मंत्रिमंडल के निर्णयों पर रोक लगाए आयोग
बेंगलूरु. भाजपा ने चुनाव आयोग से राज्य मंत्रिमंडल की पिछली दो बैठकों में किए गए निर्णयों पर रोक लगाने की मांग की है।
पार्टी की प्रदेश महासचिव शोभा करंदलाजे ने मंगलवार को कहा कि पिछले 15 दिन में राज्य सरकार ने वित्तीय प्रावधान व ठेकेदार तय किए बिना अनेक निर्माण कार्य व योजनाएं लागू की हैं। आयोग को इन पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। पिछले दो दिन में जल्दबाजी में अनेक फाइलों का निपटारा किया गया, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने पिछले दो साल से एक ही स्थान पर कार्यरत अधिकारियों के तबादले की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विज्ञापनों पर करोड़ों खर्च किए हैं। सरकार की योजनाओं के बारे में लगाए गए होर्डिंग तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने पुलिस के दुरुपयोग की संभावना के मद्देनजर सीआरपीएफ व अन्य राज्यों की पुलिस तैनात करने की मांग की। उन्होंने सही वक्त पर चुनाव तिथियों की घोषणा करने पर आयोग का शुक्रिया अदा किया।

ट्रेंडिंग वीडियो