scriptजोशी-अंगड़ी पर भारी पड़े हेगड़े | Expansion of Modi Cabinet | Patrika News

जोशी-अंगड़ी पर भारी पड़े हेगड़े

locationबैंगलोरPublished: Sep 03, 2017 09:39:00 pm

विधानसभा चुनाव के कारण राज्य को कम से कम दो मंत्री पद मिलने की उम्मीद की जा रही थी

anant kumar hegde

anant kumar hegde

बेंगलूरु. प्रधानमंत्रनरेंद्र मोदी रविवार को अपने मंत्रिमंडल के तीसरे विस्तार में राज्य से सिर्फ एक नेता को मंत्री बना रहे हैं। हालांकि, अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के कारण राज्य को कम से कम दो मंत्री पद मिलने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन सिर्फ एक नेता को चुने जाने के कारण मंत्री बनने की दौड़ में शामिल नेताओं को निराश होना पड़ा।

राज्य से जिन नेताओं को मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी उनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रह्लाद जोशी और सुरेश अंगड़ी के नाम शामिल थे लेकिन जब शनिवार रात संभावित मंत्रियों के नाम की सूची समाने आई तो इसमेंं से ये दोनों नाम नदारद थे। इसकी जगह दौड़ से बाहर माने जा रहे तटवर्ती इलाके के पुराने नेता अनंत कुमार हेगड़े का नाम मोदी के नए नौ रत्नों में शामिल था। धारवाड़ से लगातार तीसरे बार लोकसभा के लिए चुने गए प्रह्लाद वी जोशी को मंत्री बनाया जाना लगभग तय बताया जा रहा था। जोशी के अलावा जातिगत समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश के तहत लिंगायत समुदाय से आने वाले सुरेश अंगड़ी को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी।


पहले माना जा रहा था कि राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में वापस लौटने की कोशिश कर रही है जिसके कारण मोदी मंत्रिमंडल में राज्य का प्रतिनिधित्व बढ़ाया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कर्नाटक के कोटे से अभी चार मंत्री हैं। इनमें अनंत कुमार, डी वी सदानंद गौड़ा और रमेश जिनजिणगी के अलावा निर्मला सीतारमन शामिल हैं। निर्मला राज्य से राज्यसभा की सदस्य हैं। हालांकि, वे मूलत: तमिलनाडु की रहने वाली हैं। निर्मला से पहले वैंकेया नायडू राज्य से राज्यसभा के सदस्य हुआ करते थे।


कुर्सी बचाने में सफल रहे सदानंद
ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद सदानंद गौड़ा इस बार भी अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे। गौड़ा राजनीतिक तौर पर प्रभावि वोक्कालिगा समुदाय से आते हैं। इस समुदाय से भाजपा के पास दूसरा कोई बड़ा चेहरा नहीं है। भाजपा जनाधार बढ़ाने के लिए वोक्कालिगा समुदाय को जोडऩे की कोशिश कर रही है लिहाजा गौड़ा को हटाने से गलत संकेत जा सकता था। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रह चुके गौड़ा मोदी मंत्रिमंडल में पहले रेल मंत्री थे लेकिन असंतोषजनक प्रदर्शन के कारण उन्हें सांख्यिकी व कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की जिम्मेदारी दे दी गई।


जातिगत समीकरण साधने की चुनौती
अगले साल विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा अपने परंपरागत लिंगायत वोट बैंक के अलावा वोक्कालिगा और दलितों को भी लुभाने की कोशिश कर रही है लिहाजा विस्तार के बाद पार्टी के लिए जातिगत समीकरणों को साधना आसान नहीं होगा। हेगड़े को मंत्री बनाए जाने के बाद मोदी मंत्रिमंडल में राज्य से ब्राह्मण समुदाय के नेताओं की संख्या दो जाएगी जबकि वोक्कालिगा और दलित नेताओं की संख्या सिर्फ एक ही होगी। संयोगवश, दोनों अनंत ब्राह्मण समुदाय से हैं।

हालांकि, बेंगलूरु दक्षिण से लगातार छठी बार लोकसभा पहुंचे अनंत कुमार भी धारवाड़ के ही मूलत: रहने वाले हैं जबकि अनंत हेगड़े तटवर्ती इलाके में पार्टी के पुराने नेता हैं। क्षेत्र के लिहाज से मोदी मंत्रिमंडल में बेंगलूरु से दो सांसद मंत्री हैं जबकि तटवर्ती क्षेत्र से एक और उत्तर कर्नाटक के इलाके से एक हैं। गौड़ा भी मूलत: तटवर्ती कर्नाटक के रहने वाले हैं। हालांकि, वे बेंगलरु उत्तर से सांसद हैं।

लिंगायत समुदाय को नहीं मिला प्रतिनिधित्व
राज्य में दूसरे सबसे प्रभावी लिंगायम समुदाय को भाजपा का वोट बैंक माना जाता है लेकिन फिलहाल मोदी मंत्रिमंडल में इस समुदाय का कोई मंत्री नहीं है। हालांकि, पिछले विस्तार तक मोदी मंत्रिमंडल में लिंगायत समुदाय से आने वाले जी एम सिद्धेश्वर मंत्री थे लेकिन बाद में उनकी जगह दलित समुदाय से आने वाले जिनजिणगी को मंत्री बना दिया गया। इस बार लिंगायत समुदाय को प्रतिनिधित्व देने के लिए बेलगावी से लोकसभा सदस्य अंगड़ी को मंत्री बनाने की बात चल रही थी। अगड़ी भी लगातार तीसरी बार लोकसभा केे लिए चुने गए हैं। हालांकि, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येड्डियूरप्पा अपने करीबी माने जाने वाले राज्यसभा सदस्य प्रभाकर कोरे के लिए लॉबिंग कर रहे थे। कोरे भी बेलगावी के ही रहने वाले हैं।

लगातार पांच बार जीते हैं हेगड़े
हेगड़े तटवर्ती इलाके के उत्तर कन्नड़ से लगातार पांच बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। हेगड़े पहली बार २८ साल की उम्र लोकसभा के लिए चुने गए थे। तटवर्ती इलाके में भाजपा की पकड़ काफी मजबूत रही है। पिछले कुछ दिनों से भाजपा यहां ज्यादा सक्रिय है।

ट्रेंडिंग वीडियो