script

कांग्रेस की पहली सूची 12अप्रेल को : सिद्धरामय्या

locationबैंगलोरPublished: Apr 01, 2018 08:39:10 pm

Submitted by:

Sanjay Kumar Kareer

प्रदेश कांग्रेस की ओर से संभावित उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस आलाकमान को भेज दी गई है

Siddaramaiah,congress,Karnataka,
मैसूरु. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची 12 अप्रैल को जारी होगी।

मुख्यमंत्री ने रविवार को यहां कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष जी. परमेश्वर व अन्य नेताओं के साथ मिलकर संभावित उम्मीदवारों की सूची कांग्रेस आलाकमान को भेज दी है। केंद्रीय चुनाव समिति 12 अप्रैल को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट के दावेदारों की संख्या बहुत अधिक है और सभी को संतुष्ट कर पाना कठिन है। जीतने में सक्षम उम्मीदवारों की पहचान करके सूची तैयार की गई है जिससे पार्टी आलाकमान भी सहमत है।
अमित शाह के जनता दल (ध) को वोट देना कांग्रेस को वोट देने के समान होने संबंधी बयान पर सिद्धरामय्या ने कहा कि जद (ध) को वोट देना कांग्रेस नहीं बल्कि भाजपा को वोट देना है। उसे वोट देना सांप्रदायिक पार्टी को समर्थन देने के बराबर होगा लिहाजा वे जनता से जद (ध) को वोट नहीं देने की अपील करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अर्कावती ले-आउट भूमि घोटाला व कीमती घड़ी प्रकरण को लेकर उनके खिलाफ अनेक शिकायतें की हैं लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है। इसके बावजूद भाजपा के नेता सुनियोजित तरीके से उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। भाजपा ने एक तरह से झूठ का कारखाना ही खोल रखा है।
मालिकेय्या गुत्तेदार के भाजपा में शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा कि गुत्तेदार के भाजपा में शामिल होने पर अफजलपुर के स्थानीय भाजपा नेता क्या कर सकते हैं। लिहाजा वे स्वाभाविक तौर पर कांग्रेस की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। कुछ लोग उनके संपर्क में हैं। पूर्व मंत्री हरताल हालप्पा को कांग्रेस में शामिल करने पर कोई निर्णय नहीं किया गया है। वैसे कोर्ट ने उनको तमाम आरोपों से बरी कर दिया है। पार्टी के सिद्धांतों में आस्था रखकर आने वालों के बारे में आलाकमान से चर्चा करने के बाद निर्णय किया जाएगा।
चामुंडेश्वरी क्षेेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय मतदाताओं को 500-1000 रुपए बांटने के जद (ध) के प्रदेश अध्यक्ष एच.डी. कुमारस्वामी के आरोपों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमारस्वामी खुद जो काम करते हैं, वही उन पर थोपने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता दल (ध) को इस बार भी सत्ता नहीं मिलेगी और कांग्रेस ही पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र के कार्गल्ली, हुट्टहल्ली, के.एच.बी. कालोनी, बेलवाड़ी सहित 12 गांवों में चुनाव प्रचार किया और स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं से संपर्क कर चुनाव में समर्थन देने का अनुरोध किया।
इससे पहले उद्दूर ग्राम के निवासियों ने सिद्धरामय्या के निवास पर जाकर उनसे भेंट कराने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें भीतर नहीं जाने दिया। नाराज ग्रामीणों की पुलिस से कहासुनी हो गई। स्थानीय कांग्रेस नेता कृष्णप्पा ने पुलिस के साथ वाद-विवाद किया और मुख्यमंत्री से भेंट कराने को कहा लेकिन पुलिस के अड़े रहने पर ग्रामीणों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

ट्रेंडिंग वीडियो