script

फूलों में ‘खिलेगा’ बापू का जीवन दर्शन

locationबैंगलोरPublished: Jan 17, 2019 01:50:34 am

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में लालबाग में शुक्रवार से शुरू होने वाली पुष्प प्रदर्शनी महात्मा गांधी को समर्पित होगी।

फूलों में ‘खिलेगा’ बापू का जीवन दर्शन

फूलों में ‘खिलेगा’ बापू का जीवन दर्शन

बेंगलूरु. गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में लालबाग में शुक्रवार से शुरू होने वाली पुष्प प्रदर्शनी महात्मा गांधी को समर्पित होगी। बागवानी विभाग के निदेशक वाई.ए. पाटिल ने बुधवार को बताया कि २६ जनवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी करेंगे। मैसूरु उद्यान कला संघ और बागवानी विभाग के संयुक्त तत्वावधन में आयोजित यह पुष्प प्रदर्शनी का २०९वां संस्करण है जिसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की १५०वीं जयंती पर उनको समर्पित किया गया है। प्रदर्शनी में लगभग पांच से छह लाख लोगों के आने की संभावना है।


उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण फूलों से बनी महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम की प्रतिकृति होगी। लालबाग ग्लास हाउस में ३५ फीट लंबी, २० फीट चौड़ी और १६ फीट ऊंची साबरमती आश्रम प्रतिकृति के लिए ६.४० लाख फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा। पिछले १५ दिनों से २० कारीगरों इसे बनाने में जुटे हैं। प्रदर्शनी में मिलेट्स से बनी लाठी लिए गांधी जी की प्रतिमा भी विशेष आकर्षण होगी।

इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी की कुर्सी, चरखा, ऐनक सहित उनसे संबंधित कई अन्य फूलों और मिलेट्स से बनी प्रतिकृति प्रदर्शित की जाएगी। प्रदर्शनी में राजघाट और बापू कुटीर सहित गांधी जी के प्रसिद्ध तीन बंदरों की प्रतिकृति अन्य आकर्षण होंगे। वहीं प्लास्टर ऑफ पेरिस से बनी गांधी की द्विमुखी प्रतिमा और दांडी यात्रा भी दर्शाई जाएगी।

उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी सहित उप मुख्यमंत्री डॉ. जी परमेश्वर, बागवानी मंत्री एम.सी. मनागोली, चिकपेट के विधायक उदय गरुड़ाचार, विधान परिषद सदस्य टी.ए.शरवण, महापौर गंगाम्बिका एम., राष्ट्रीय गांधी स्मारक म्यूजियम राजघाट के अध्यक्ष अन्नमलई, कर्नाटक गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष वूडे पी.कृष्णा और बागवानी व रेशम विभाग के सचिव एम. महेश्वर राव अतिथि के रूप में भाग लेंगे।


उन्होने कहा कि जय नगर की विधायक सौम्या रेड्डी १९ जनवरी को इकेबाना, सब्जी कार्विंग, पुष्प भारती, बोन्साय, डच आर्ट, थाय आर्ट और सूखे पुष्पों को जोडऩे की कला के मुकाबलों की प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। वहीं २१ जनवरी को डॉ.एच.एम. मरिगौड़ा स्मारक भवन में इकेबाना समेत अन्य मुकाबलों के विजेताओं को पुरस्कार किया जाएगा।

पार्किंग
वाहनों को शांतिनगर बस अड्डा, जेसीरोड स्थित बीबीएमपी बहु मंजिला पार्किग के अलावा अल-अमीन कॉलेज के परिसर में भी खड़ा कर सकते हंै। प्रवेश द्वारों के पास क्लॉक रूम की व्यवस्था होगी।

शुल्क
रविवार, गणतंत्र दिवस सहित अन्य छुट्टियों के दिन वयस्कों के लिए प्रवेश शुल्क ७० रुपए होगा। वहीं सामान्य दिनों में ५० रुपए होगा। १२ साल से कम उम्र के बच्चों का प्रवेश शुल्क २० रुपए है।

सुरक्षा
प्रदर्शनी अवधि के दौरान पुलिस की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। लालबाग के अंदर और बाहर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल टिटेक्टर्स लगेगा।

निशुल्क प्रवेश
१९ से २६ जनवरी तक सुबह ९ बजे से शाम ५ बजे के बीच निजी और सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। विद्यार्थियों को लाने वाले स्कूली वाहन गेट संख्या दो पर पार्किंग कर सकते हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो