scriptपूर्व सीएम कुमारस्वामी कोरोना संक्रमित | Former chief minister H D kumarswami corona positive | Patrika News

पूर्व सीएम कुमारस्वामी कोरोना संक्रमित

locationबैंगलोरPublished: Apr 18, 2021 05:39:08 am

Submitted by:

Sanjay Kulkarni

कुमारस्वामी ने भी ट्वीट कर खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी दी

पूर्व सीएम कुमारस्वामी कोरोना संक्रमित

पूर्व सीएम कुमारस्वामी कोरोना संक्रमित

बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री और जद-एस नेता एचडी कुमारस्वामी भी शनिवार को कोविड पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और बीते कुछ दिनों के दौरान उनके संपर्क में आए लोगों से जांच कराने की अपील की। उनकी पत्नी व विधायक अनिता कुमारस्वामी होम क्वारंटाइन हैं। कुमारस्वामी को बन्नेरघट्टा रोड स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुमारस्वामी के बेटे व अभिनेता निखिल कुमारस्वामी ने भी ट्वीट कर खुद के पॉजिटिव होने की जानकारी दी।
अपोलो अस्पताल प्रबंधन ने शनिवार शाम बयान जारी कर बताया कि कुमारस्वामी वार्ड में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है। रक्त में ऑक्सीजन लेवल ९५ फीसदी है। उम्र व अन्य बीमारियों के कारण उन्हें अगले कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रखा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार शाम को बेंगलूर लौटने के बाद कुमारस्वामी बेहद थके हुए थे। ऐसे में घर नहीं जाकर वे एक निजी होटल में ठहरे। बाद में कोविड जांच पॉजिटिव निकली। इसके बाद कुमारस्वामी अपने फार्महाउस में ही रहना चाहते थे। लेकिन, उनके हृदय की सर्जरी हुई है। अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनके चिकित्सकों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।
इससे पहले कुमारस्वामी को शहर के मणिपाल अस्पताल ले जाया गया। कथित तौर पर अस्पताल में बिस्तर नहीं होने के कारण उन्हें जगह नहीं मिली और उन्हें एक दिन ठहरने को कहा गया। कुछ लोगों के अनुसार कुमारस्वामी खुद किसी और अस्पताल में भर्ती होना चाहते थे।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. के. सुधाकर के हस्तक्षेप पर भी उन्हें भर्ती नहीं किया जा सका। बार-बार प्रयास के बावूजद मणिपाल प्रबंधन ने पूरे मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की।
विधान परिषद के सदस्य एच. एम. रमेश गौड़ा के अनुसार कुमारस्वामी शनिवार को एक अदालत की सुनवाई में शामिल होने वाले थे। संक्रमण के कारण उन्हें ऑनलाइन सुनवाई में शामिल होने की अनुमति मिली।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्री व जनता दल-एस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच. डी. देवगौड़ा को भी कोरोना संक्रमण के कारण ३१ मार्च को अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि, अस्पताल ने अपनी जांच में उनके पॉजिटिव नहीं होने की पुष्टि की थी। उपचार के बाद पांच अप्रेल को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो