मामूली झगड़े में पूर्व सैनिक की हत्या
कनकपुरा ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए झगड़े में एक पूर्व सैनिक की हत्या कर दी गई।

बेंगलूरु. कनकपुरा ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए झगड़े में एक पूर्व सैनिक की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार कनकपुरा के निर्वाणेश्वर नगर निवासी शिवराज (३२) केंद्रीय आरक्षित पुलिस बल (सीआरपीएफ) का पूर्व कर्मचारी था। वह चार साल पहले कनकपुरा में एक राष्ट्रीय बैंक में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करने लगा था। नशा एवं जुआ में रुपया खर्च करने को लेकर उसकी पत्नी ने छोड़ दिया।
जिसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली। इस बीच उसकी नौकरी भी छूट गई। वह मित्रों के साथ शुक्रवार रात जुआ खेलने पहाड़ी इलाके की तरफ गया था। वहां जुआ हार गया और उसके पास रुपए नहीं थे। इसी विषय को लेकर कई लोगों के साथ शिवराज ने झगड़ा किया। सभी ने मिलकर शिवराज की खूब पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को तलाश रही है।
हत्या कर शव श्मशानघाट में फेंका
बेंगलूरु. शहर के बाहरी इलाके एचएसआर लेआउट में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को श्मशान घाट में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार यह शव हासन जिले के मंजुनाथ (५२) का था। उसकी हत्या करने के बाद शव को श्मशान घाट में पेंका गया था। शनिवार सुबह लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मंजुनाथ की हत्या क्यों और किस लिए की गई थी, इसका पता नहीं चला है। आरोपियों ने इसका गला रेत कर हत्या करने के बाद सिर को भी पत्थर से कुचला था। एचएसआर लेआउट पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
जुआ खेलते ४७ लोग गिरफ्तार
बेेंंगलूरु. पुलिस आयुक्त कार्यालय के केंद्रीय अपराध जांच शाखा (सीसीबी) अधिकारियों ने एक क्लब पर शुक्रवार रात छापा मार कार्रवाई में जुआ खेल रहे ११ लोगों को गिरफ्तार कर नकद ८८,०२० रुपए जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार चामराजपेट नौवें क्रास स्थित एक भवन के दूसरे माले में एक रिक्रिएशन क्लब है। वहां पुलिस के नियमों का उल्लंघन कर देर रात जुआ खेला जा रहा था। छापामार कर ११ लोगों को गिरफ्तार कर नकद राशि, कई मोबाइल फोन, संगीत उपकरण और अन्य चीजों को जब्त किया गया। इस सिलसिले में चामराजपेट पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह सीसीबी पुलिस ने गोरागुंटेपाल्या पहले ब्लॅाक के पहले मेन रोड स्थित एक अन्य क्लब पर छापा मार कर जुआ खेल रहे ३६ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इनसे एक लाख रुपए से ज्यादा नकदी जब्त किए गए। ५० से ज्यादा मोबाइल फोन, संगीत उपकरण, शराब की बोतलें और अन्य चीजें जब्त हुईं। आरोरियों के खिलाफ आरएमसी यार्ड पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) एस. गिरीश के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त रामचंद्रय्या, पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार, शरणप्पा और अन्य पुलिस कर्मचारियों ने एक साथ दोनों क्लबों पर छापा मारा।
अब पाइए अपने शहर ( Bangalore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज