script

मोदी के सुशासन को वैश्विक मान्यता: येड्डि

locationबैंगलोरPublished: Jun 25, 2018 10:37:25 pm

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा ने कहा कि केंद्र सरकार ने सक्षम प्रशासन दिया और सरकार की विदेश नीति को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है।

मोदी के सुशासन को वैश्विक मान्यता: येड्डि

मोदी के सुशासन को वैश्विक मान्यता: येड्डि

बेंगलूरु. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा ने कहा कि केंद्र सरकार ने सक्षम प्रशासन दिया और सरकार की विदेश नीति को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है।


येड्डियूरप्पा रविवार को मल्लेश्वरम स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में केंद्र सरकार की चार साल की उपलब्धियों पर जारी पुस्तिका के कन्नड़ अनुवाद श्ुाद्ध नड़े-सुक्त विकास का विमोचन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार का किस कदर बोलबाला था, यह सभी जानते हैं। लेकिन मोदी के सत्ता में आने के बाद देश की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। देश की विदेश नीति को वैश्विक मान्यता मिली है, भारत का विश्व में सम्मान बढ़ा और रक्षा व्यवस्था अधिक सुदृढ़ हुई है।


उन्होंने कहा कि केवल मोदी को हराने के लिए विपक्षी दल एक-दूसरे से हाथ मिला रहे हैं, लेकिन पार्टी इससे चिंतित नहीं हैं। पार्टी को 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करने का पूरा यकीन है। 29 जून को प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी की बैठक होगी जिसमें कार्यकर्ताओं को ये उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

येड्डि की चुनौती : डायरी है तो उजागर करें शिवकुमार
येड्डियूरप्पा ने कहा कि जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार के पास यदि भाजपा नेताओं के घोटालों को संबंध में कोई डायरी है, तो वे उसे उजागर करें। तमाम जांच एजेंसियां उनकी हैं, वे मामले की जांच कराएं।


येड्डियूरप्पा ने कहा कि कुमारस्वामी ने चुनाव से पहले जनता से कई वादे किए थे जिन पर विश्वास कर जनता ने उन्हें 37 सीटों पर जीत दिलाई। मुख्यमंत्री अब उन तमाम वादों को पूरा करें जो कांग्रेस व जद-एस ने लोगों से किए थे। पूर्ण बहुमत से सत्ता में आने के बाद वादे निभाने के बयान पर येड्डियूरप्पा ने कहा कि कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के सामने शर्त रखनी थी कि उनका घोषणा पत्र लागू करने पर ही वे मुख्यमंत्री पद स्वीकार करेंगे। कांग्रेस ने उनको मुख्यमंत्री बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन दिया है लिहाजा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी का फर्ज बनता है कि वे दोनों दलों के चुनाव घोषणा पत्र में किए वादों को पूरा करके दिखाएं।


येड्डियूरप्पा ने कहा कि कुमारस्वामी ने भ्र्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो खत्म करने की बात कही थी लिहाजा वे अब उस वादे को पूरा करे। विदेशों में जमा काला धन वापस लाकर सभी के खातों में धन जमा कराने के प्रधानमंत्री मोदी के वादे को लेकर पूछे गए सवाल पर उखड़े येड्डियूरप्पा ने कहा कि हरेक के खाते में धन जमा कराने का वादा प्रधानमंत्री मोदी ने कभी नहीं किया था।


कावेरी जल प्रबंधन बोर्ड के गठन के केंद्र के एकतरफा फैसले पर कुमारस्वामी के विरोध पर उन्होंने कहा कि कावेरी मसले पर हम राज्य सरकार के साथ हैं। कावेरी जल प्रबंधन बोर्ड के गठन पर पिछली सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। वर्तमान सरकार ने भी कोई सतर्कता नहीं बरती है। यह समझ से परे है कि राज्य सरकार ने बोर्ड के लिए अभी तक अपना प्रतिनिधि क्यों नहीं नियुक्त किया?


विधान परिषद में विपक्ष के नेता की नियुक्ति को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि पार्टी में इस बारे में कहीं कोई विवाद नहीं है। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इस मसले पर भी चर्चा करके योग्य व्यक्ति का चुनाव किया जाएगा। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष बीजे पुट्टस्वामी के इस्तीफे पर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि पुट्टस्वामी ने नाराजगी के चलते इस्तीफा देने की बात कही है। उन्हें बुलाकर बातचीत की जाएगी। पार्टी में किसी प्रकार का मतभेद या मनमुटाव नहीं हैं। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की जाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो