बैंगलोर

सोशल मीडिया के गलत ढंग से उपयोग पर सरकार सतर्क

गृह मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि प्रदेश में सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल हो रहा है और इसकी रोकथाम के लिए मामले दर्ज किए जाएंगे

बैंगलोरDec 16, 2017 / 10:14 pm

शंकर शर्मा

बेंगलूरु. गृह मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि प्रदेश में सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल हो रहा है और इसकी रोकथाम के लिए मामले दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर यही बार-बार प्रसार होता रहा कि उत्तर कन्नड़ जिले के होन्नावर में नौवीं कक्षा की छात्रा पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी किया गया। सच्चाई यह है कि छात्रा नाली में गिरने से जख्मी हुई थी।

जैसे ही इस तरह की अफवाह उड़ाई गई, जिलाधिकारी एसएम नकुल और पुलिस अधीक्षक विनायक पाटिल, उडुपी जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव पाटिल और पुलिस उप अधीक्षक शिवकुमार होन्नावर पहुंच गए।


उन्होंने बताया कि जांच करने पर पता चला कि छात्रा पर किसी ने भी हमला नहीं किया था। केवल सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाकर लोगों को भयभीत करने और जिले में फिर तनाव फैलाने का प्रयास किया गया। छात्रा का इलाज करने वाले चिकित्सक ने भी पुष्टि की है कि उसके हाथों या हथेलियों में चाकू के हमले का कोई निशान नहीं था। छात्रा फिसल कर गिरने से जख्मी हुई थी।


रेड्डी ने कहा कि उत्तर कन्नड़ में शनिवार तक निषेधाज्ञा का विस्तार किया गया है। सभी तहसीलों में कर्नाटक राज्य पुलिस आरक्षी बल, जिला शस्त्र आरक्षी बल (डीएआर), त्वरित कार्रवाई बल और गृह रक्षकों को तैनात किया गया है। जब तक जिले में हालात शांतिपूर्ण नहीं होते, पुलिस तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हर मौत पर घटिया राजनीति कर रही है। झूठ बोलने की भी एक सीमा होती है लेकिन भाजपा नेताओं ने झूठ बोलने का नया इतिहास रचा है। लोग अब उनकी झूठी बातों पर विश्वास नहीं करेंगे।


गृहमंत्री ने माना कि तटीय जिलों में निजी और पुरानी दुश्मनी के चलते कई हत्याएं हुई है। भाजपा, अन्य राजनीतिक संगठनों और पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के बीच कई झगड़े होने से ११ लोगों की हत्या हुई है। लेकिन आत्महत्या या सडक़ हादसे में मारे गए लोगों की मौत को भी भाजपा ने हत्या बताकर घटिया राजनीति करने की कोशिश की है। उन्होंने बताया कि खुद भाजपा के कई नेताओं का कहना है कि उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.