script

कर्नाटक: लॉकडाउन के उल्लंघन पर अब और मोहलत नहीं

locationबैंगलोरPublished: Mar 30, 2020 11:47:04 am

Submitted by:

Rajeev Mishra

सख्त कार्रवाई करेगी पुलिस

बेवजह वाहन रोक कर दस्तावेज की जांच नहीं करेंगे पुलिसकर्मी

बेवजह वाहन रोक कर दस्तावेज की जांच नहीं करेंगे पुलिसकर्मी

बेंगलूरु.
राज्य के पुलिस महानिदेशक प्रवीण सूद ने कहा कि लॉकडाउन के दिशा निर्देशों को समझने के लिए दी गई मोहलत अवधि अब खत्म हो गई है। देश गंभीर खतरे के दौर से गुजरा रहा है लेकिन लोग अब भी अगर इसे लापरवाही से ले रहे हैं। अब लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करनेे पर परिणाम भुगतने के लिए भी तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह वायरस मानव अस्तित्व के लिए खतरा बना हुआ है। लॉकडाउन के दौरान लोगों ने न सिर्फ दिशा निर्देशों का उल्लंघन किया और सड़कों पर बेवजह घूमते रहे बल्कि पुलिस पर हमले भी किए गए। लेकिन, अब आगे इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब अगर कोई लॉकडाउन के दिशा निर्देशों का उल्लंघन करता है तो पुलिस कड़ाई से निपटेगी। अब हर किसी को कानून और दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। यह आम आदमी के ही फायदे की बात है और बार-बार चेतावनी के बाद भी लोग स्थिति की गंभीरता नहीं समझ रहे हैं। इसलिए कानून के मुताबिक कड़ाई से निपटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों से दिशा निर्देशों का पालन करने के लिए सड़कों पर आग्रह करती रही क्योंकि यह वायरस मानवता का दुश्मन है। यह सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि हर किसी का कर्तव्य है कि वह इस घातक वायरस से बचे। लॉकडाउन की गंभीरता को समझने के लिए प्रधानमंत्री ने जनता कफ्र्यू का भी आह्वान किया। लेकिन, जब लॉकडाउन घोषित किया गया तब लोगों ने सकारात्मक कदम नहीं उठाए। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा से फोन पर बात भी की और लॉकडाउन के उल्लंघन पर गहरी चिंता व्यक्त की। यहां तक की जिन लोगों को पृथक निगरानी (होम क्वारंटाइन) में रखा गया था वो भी बाहर निकले और सड़क पर भीड़-भाड़ वाले बाजारों में घूमते नजर आए। सामाजिक दूरी भी नहीं बनाई गई।
विजयापुर के पुलिस सूत्रों के मुताबिक हाथ पर कोरोना मुहर के बावजूद भी लोग निर्देशों का उल्लंघन कर बाजारों में आ रहे हैं। इसलिए अब माथे पर भी मुहर लगाए जाने का फैसला किया गया है। कुछ ऐसे वाकये सामने आए जब लोगों ने हाथ पर लगी मुहर को छुपाया और पुलिस से बहस भी की। कुछ मामलों पर लोगों ने पुलिस पर हमले भी किए।

ट्रेंडिंग वीडियो