बैंगलोर

कर्नाटक की उन्नति में बिहारियों का अहम योगदान: करंदलाजे

होलिकोत्सव में बिखरे बिहार के सांस्कृतिक रंग

बैंगलोरMar 24, 2024 / 08:47 pm

Santosh kumar Pandey

बेंगलूरु. सिद्धार्थ सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में पैलेस ग्राउंड गायत्री विहार में बिहार दिवस एवं होलिकोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ पंडित राजगुरु ,पंडित निगम झा एवं पंडित अमित पांडेय के मंगलाचरण से हुआ। राजेंद्र बाबू मेमोरियल ट्रस्ट अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने स्वागत किया। हरिश्चंद्र झा एवं उदय कुमार ने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने दीप प्रज्ज्वलन किया। उन्होंने कहा कि बिहार की भूमि बहुत उर्वर है। वहां पर बहुत से आईएएस, आईपीएस प्रतिवर्ष बनते हैं। आज के समय में भी कर्नाटक में बहुत से आईएएस एवं आईपीएस कर्नाटक की सेवा कर रहे हैं। बिहारियों के परिश्रम के कारण कर्नाटक और बिहार दोनों प्रदेश उन्नति कर रहे हैं।
लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुझे वोट मांगने की जरूरत नहीं है ,आप खुद ही अपने मन से हमेशा वोट देते हैं एवं देते रहेंगे ।

कर्मभूमि की भाषा का सम्मान करें: यादव
डॉ विनय कुमार यादव ने कहा कि करंदलाजे एक दक्षिण भारतीय महिला होकर यहां के लोगों के सम्मान के लिए हिंदी में भाषण दे रही हैं,यह हमारे लिए गौरव की बात है। हमें भी कर्मभूमि की भाषा का सम्मान करना चाहिए। राज्य संचालक प्रकोष्ठ भाजपा के सी.जी. दत्तात्रेय एवं अल्पसंख्यक राज्य महामंत्री भाजपा इंद्र कुमार ने भी उद्गार व्यक्त किया। बच्चों ने झांकियां प्रस्तुत की। महिला मंडल ने बिहार की संस्कृति एवं पर्व से संबंधित झांकियां प्रस्तुत की ।जिसका संचालन परिषद् सचिव पंडित राजगुरु ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं का सहयोग रहा ।जिसमें मुख्य रूप से पवन मिश्रा, मणिकांत झा,आशुतोष सिंह, वीर बहादुर सिंह, संजय सिंह, अनिल सिंह ,प्रवीण पांडेय, अमित झा, आशीष मिश्रा एसके उपाध्याय, राम लखन सिंह, अमित सिंह आदि का योगदान सराहनीय रहा।
गीतों-गजलों से सजी शाम

कार्यक्रम में देश के मशहूर गीत-गजल गायक कुमार सत्यम ने माहौल में जहां भोजपुरी लोकगीतों की खुशबू बिखेरी वहीं गजलों से शाम को सजा दिया। हर प्रस्तुति पर लोगों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। परिषद के सदस्यों ने फूलों की होली खेली। संचालन परिषद अध्यक्ष डॉ विनय कुमार यादव एवं उन्नति झा ने किया। अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष उदय कुमार ने धन्यवाद दिया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.