scriptअंतर्कलह से होगा सरकार का पतन : भाजपा | Interim government will fall: BJP | Patrika News

अंतर्कलह से होगा सरकार का पतन : भाजपा

locationबैंगलोरPublished: Sep 16, 2018 06:39:30 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

मुख्यमंत्री के पास इतनी गंभीर जानकारी होने के बावजूद उन्हें कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है

BJP

अंतर्कलह से होगा सरकार का पतन : भाजपा

बेंगलूरु. अंतर्कलह से जूझ रही कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार का खुद पतन हो रहा है लेकिन लोगों की सहानुभूति जुटाने के लिए मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी भाजपा पर उनकी सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगा रहे हैं। विधान परिषद सदस्य आयनूर मंजुनाथ ने यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने उनकी सरकार को गिराने के लिए रीयल एस्टेट और सट्टा माफिया के लामबंद होने और भाजपा द्वारा ऐसे लोगों के जरिये सरकार गिराने के लिए धन संग्रहण करने की बात कही है। मुख्यमंत्री के पास इतनी गंभीर जानकारी होने के बावजूद उन्हें कार्रवाई करने से कौन रोक रहा है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथा जद (एस) के कई मंत्री तथा विधायक ही जद (एस) के वरिष्ठ नेता एच.डी.रेवण्णा के सभी विभागों में हस्तक्षेप को लेकर नाराज हैं। भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री अपने दायित्व से भागने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन सरकार का पतन होगा, तो 104 विधायकों वाली भाजपा राज्य में सरकार के गठन का संवैधानिक दायित्व निभाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पर गठबंधन सरकार को अस्थिर करने के लिए सट्टेवालों की मदद का आरोप लगाने वाले मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी को बताना होगा की गांधीनगर क्षेत्र में चल रहे जुए के अड्डे, स्किल गेम तथा रीयल एस्टेट कारोबार को कौन प्रोत्साहित कर रहा है।
प्रदेश भाजपा इकाई के महा सचिव एन. रविकुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास पुलिस, खुफिया पुलिस तथा विभिन्न जांच एजेंसिया हैं लेकिन विभिन्न माफियाओं की जानकारी होने का दावा करने के बावजूद जो कार्रवाई नहीं करता तो ऐसे हताश तथा कमजोर मुख्यमंत्री को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। पूर्व मंत्री रेणुकाचार्य ने मुख्यमंत्री एच.डी.कुमारस्वामी को चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सरकार को अस्थिर करने में भाजपा की मदद कर रहे कथित माफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। देवेगौड़ा के परिजनों को मगरमच्छ के आंसू बहाना छोड़कर जनादेश का सम्मान करते हुए विपक्ष में बैठना था। लेकिन सत्ता के भूखे परिवार से कांग्रेस से दोस्ती कर सत्ता छीन ली।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो