scriptअंतरिक्षयात्रियों के परिधान तकनीक में इसरो को पेटेंट | ISRO Gets Indian Patent for Liquid Cooling and Heating Garment | Patrika News

अंतरिक्षयात्रियों के परिधान तकनीक में इसरो को पेटेंट

locationबैंगलोरPublished: Jun 25, 2020 09:04:24 pm

Submitted by:

Rajeev Mishra

शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने वाला विशेष परिधान

अंतरिक्षयात्रियों के परिधान तकनीक में इसरो को पेटेंट

अंतरिक्षयात्रियों के परिधान तकनीक में इसरो को पेटेंट

बेंगलूरु.
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मानव अंतरिक्ष मिशन ‘गगनयान’ की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया है। अंतरिक्षयात्रियों के लिए विशेष तकनीक से तैयार परिधान लिक्विड कूलिंग एंड हीटिंग गारमेंट (एलसीएचजी) में उसे पेटेंट मिल गया है।
शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने वाले ये परिधान अत्यंत गर्म अथवा ठंडे वातावरण में आरामदायक होते हैं। ये जैवसंगत कपड़ों से तैयार हुए हैं जो पसीने को हटाने में सक्षम हैं और ठंड वातावरण में भी सुरक्षा प्रदान करते हैं। अंतरिक्ष यात्रियों को इसे स्पेस सूट के अंदर पहनना अनिवार्य होता है। दरअसल, एलसीएचजी तकनीक का उपयोग अंतरिक्ष, सैन्य अनुप्रयोगों, अग्निशमन आदि में विशेष तौर पर होता है। इन कपड़ों में तापमान को नियंत्रित करने वाले तरल पदार्थ होते हैं जिन्हें परिधान के अंदर और बाहर प्रवाहित करने की एक विशेष प्रणाली है।
इसरो ने इसे इस तरह से डिजाइन किया है कि लंबे समय तक धारण किया जा सकता है और उससे किसी भी प्रकार का संक्रमण या त्वचा पर जलन जैसी कोई परेशानी नहीं होगी। इसरो द्वारा डिजाइन यह परिधान काफी किफायती भी है जिसके लिए उसने फरवरी 2016 में पेटेंट आवेदन किया था। परिधान की बाहरी परत पॉलिमेरिक कपड़े के जाल से तैयार हुई है जबकि अंदरुनी परत पॉलिमेरिक कपड़े की ट्राइकोटिंग से बनी है जो त्वचा के संपर्क में होती है। दोनों परतों के बीच कई ट्यूबस हैं जिनमें तापमान को नियंत्रित करने वाले तरल होते हैं।
इसरो ने कहा है कि यह परिधान गले से लेकर पैर तक (एक ही पीस) पूरे शरीर को ढंकने वाला है और काफी हल्का और आरामदायक है। इसे अंतरिक्ष उड़ान के दौरान स्पेस सूट के भीतर पहना जाता है। परिधान के नमूने के परीक्षण के दौरान भीतरी परत के तापमान की निगरानी की गई। कपड़े के ऊपर हवा के तापमान और वेग को भी परखा गया तथा प्रणाली की हीट ट्रांसफर की प्रभावशीलता को मापा गया। प्रणाली की उपयोगिता प्रमाणित है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो