यहां रविवार को पार्टी कार्यालय में पूर्व मंत्री सीएम इब्राहिम के अध्यक्ष पद ग्रहण समारोह में उन्होंने कहा कि जब वे राज्य के मुख्यमंत्री थे तब उनके मंत्रिमंडल में वोक्कलिगा समुदाय के केवल चार मंत्री थे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के साथ सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए सभी समुदायों को मंत्रिमंडल में शामिल किया था। उनके कार्यकाल में ही मुस्लिम समुदाय को 4 फीसदी आरक्षण दिया गया था।
आगामी विधानसभा चुनाव में स्पष्ट जनादेश के साथ सत्ता में वापसी के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों को लगातार मतदाताओं के साथ संपर्क करना होगा। तब पार्टी का मिशन 123 सफल होगा। शहर में अगले माह कार्यकर्ताओं का राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि विषम काल में एचके कुमारस्वामी ने पार्टी के अध्यक्ष पद का दायित्व निभाया। अब सीएम इब्राहिम को यह दायित्व सौंपा गया है। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा तथा उनके (एचडी कुमारस्वामी) नेतृत्व की सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने से पार्टी सत्ता में वापसी कर सकती है।
उन्होंने कहा कि विजयनगर में चल रही भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में राज्य की सिंचाई योजनाएं, बेरोजगारी को लेकर कोई बहस नहीं हुई। इससे स्पष्ट है कि भाजपा को केवल आगामी चुनाव तथा सत्ता के अलावा और किसी भी मामले की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के कमीशन को लेकर कांग्रेस तथा भाजपा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे है। वास्तविकता यह है कि दोनों सरकारों के कार्यकाल में ठेकेदारों से कमीशन वसूला जाता रहा।
उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के उस बयान की खिल्ली उड़ाई जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्टाचार साबित करने वाला एक भी सबूत दिखाए जाने पर वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। कुमारस्वामी ने कहा यह बयान दुनिया का आठवां अजूबा है।