scriptभारत जोड़ो पदयात्रा के बाद अब बस यात्रा की तैयारी में जुटी कांग्रेस | Karanataka poll Now Cong plan bus tour to state | Patrika News

भारत जोड़ो पदयात्रा के बाद अब बस यात्रा की तैयारी में जुटी कांग्रेस

locationबैंगलोरPublished: Nov 14, 2022 01:10:06 am

Submitted by:

Rajeev Mishra

विधानसभा चुनाव : विशेष डिजाइन की गई लग्जरी बसें हो रहीं तैयारट्रायल रन पर सिद्धरामय्या पहुंचे कोलार

22.jpeg
बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ ही राजनीतिक यात्राओं का सिलसिला भी तेज हो गया है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राज्य में तीन सप्ताह तक चली भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा के नेतृत्व में सत्तारुढ़ भाजपा की जनसंकल्प यात्रा चल रही है। जनता दल-एस भी पंचरत्न यात्रा भी शुरू हो चुकी है।
विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा को कड़ी टक्कर देने के लिए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी जनसंकल्प यात्रा की तर्ज पर बस यात्रा निकालने की योजना बनाई है। इसके लिए तमाम सुविधाओं से युक्त विशेष रूप से डिजाइन की गई दो लग्जरी बसें तैयार हो रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार बस यात्राओं पर निकलेंगे। शिवकुमार राज्य के दक्षिणी हिस्से में निकलेंगे तो सिद्धरामय्या उत्तर कर्नाटक की यात्रा करेंगे। दोनों नेता मिलकर राज्य की सभी 224 विधानसभा सीटों को कवर करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष सिद्धरामय्या की बस लगभग तैयार है। ट्रायल रन पर सिद्धरामय्या रविवार को बस में बेंगलूरु से कोलार गए। बस में छह लोगों के बैठने के लिए आरामदायक सीटें हैं। एक शयनकक्ष है जिसमें बिस्तर लगी हुई है। एलईडी स्क्रीन और टॉयलेट आदि की भी व्यवस्था है। सिद्धरामय्या के कोलार से चुनाव लडऩे की अटकलें तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक कोलार में नेताओं के साथ हुई बैठक में इस विषय पर भी चर्चा हुई।
सभी जिलों से गुजरेगी बस यात्रा
पार्टी सूत्रों के अनुसार बस यात्रा का कार्यक्रम तय करने के लिए कांग्रेस महासचिव और प्रदेश मामलों के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में जल्द ही बैठक होगी। बैठक में दोनों नेताओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सलीम अहमद के अनुसार ये बस यात्राएं दिसम्बर में शुरू हो सकती हैं। बस यात्रा राज्य के सभी जिलों से होकर गुजरेगी।
सिद्धू उत्तर,शिवकुमार संभालेंगे दक्षिण की कमान
पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि चूंकि, सिद्धरामय्या पिछड़ा वर्ग के नेता माने जाते हैं इसलिए उन्हें उत्तर कर्नाटक की जिम्मेदारी दी जाएगी। उत्तर कर्नाटक में इस समुदाय के मतदाताओं की संख्या काफी है। वे बादामी से विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी करते हैं। दूसरी ओर, शिवकुमार दक्षिणी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। दक्षिण कर्नाटक वोक्कालिगाओं का गढ़ है और शिवकुमार भी उसी समुदाय से हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी इस योजना से अवगत हैं और अगले कुछ दिनों में अंतिम निर्णय किया जाएगा। सलीम अहमद ने कहा कि पार्टी में एकजुटता जरूरी है। इसलिए यात्रा के दौरान दोनों नेताओं को साथ होना चाहिए।
१९९९ के पांचजन्य यात्रा के तर्ज पर होगा आयोजन
कांग्रेस की यह बस यात्रा वर्ष 1999 की ‘पांचजन्य यात्राÓ की याद ताजा करती है जब तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष एसएम कृष्णा ने पूरे प्रदेश की बस यात्रा की थी। उनकी इस यात्रा का सकारात्मक परिणाम सामने आया और कांग्रेस चुनाव जीतने में कामयाब रही। प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि बस यात्रा की योजना बन रही है। इस संदर्भ में मिल-जुलकर फैसला किया जाएगा। कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व मेें चुनाव लड़ेगी और सभी नेता मिलकर यात्रा की योजना को अंतिम रूप देंगे। इस बीच, सूत्रों का कहना है कि किस नेता के साथ कौन साथ जाएगा इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा।

ट्रेंडिंग वीडियो