गोविंदपुर पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 37 करोड़ रुपए के विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ जब्त किए।
पुलिस को सूचना मिली कि एचबीआर ले आउट में वन विभाग के दफ्तर के पीछे तीन लोग मादक पदार्थ बेच रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर महाराष्ट्र के भानु गुप्ता (24), तमिलनाडु के अन्द्रान गोम्स (59) और राजेश (35) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उनके कब्जे से भारी मात्रा में कई मादक पदार्थ मिले। आरोपियों के खिलाफ एनपीडीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
1.45 करोड़ का गांजा बरामद
एक अन्य मामले में इसी थाने की पुलिस ने ओडिशा के तीन लोगों को गिरफ्तार कर 1.45 करोड़ रुपए का 290 किलो ग्राम गांजा जब्त किया।
पुुलिस के अनुसार ओडिशा के समराकर (22), रमेश केमुन्दी (25) और मंगल एस. (20) को नागवार के शमशान घाट के पास गांजा बेचने की योजना बनाते समय गिरफ्तार किया। तीनों शहर के बाहरी इलाकों में घूम कर गांजा बेचते थे। आरोपियों ने गांजा छिपाकर रखने के लिए किराए का मकान ले रखा था। वे ओडिशा से गांजा लाते थे।
महंगाई के खिलाफ जद-एस का विरोध प्रदर्शन
बेंगलूरु. महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को जद-एस से फ्रीडम पार्क में विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र सभी चीजों की कीमत कम करने का आग्रह किया। पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि हर दिन महंगाई बढऩे के बावजूद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी खामोश हैं। महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन कठिन हो गया है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा कि वह आगे क्या करें। एक तरफ बेरोजगारी तो दूसरी तरफ महंगाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रण में रखने में विफल रही है और हर दिन आम लोगों पर बोझ डालकर मनमानी कर रही है। केन्द्र सरकार से लोगों को केवल झूठे आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं मिला।