scriptकर्नाटक में दूसरे राज्यों के नेता बनेंगे खेवनहार | Karnataka will be the leader of other states | Patrika News

कर्नाटक में दूसरे राज्यों के नेता बनेंगे खेवनहार

locationबैंगलोरPublished: Apr 19, 2018 08:13:33 pm

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली,उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के अनुभवी नेताओं को दायित्व सौंपा है

bjp
बेंगलूरु. कर्नाटक में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रणनीति के तहत देश के उत्तर प्रदेश, राजस्थान, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश , बिहार, दिल्ली,उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के अनुभवी नेताओं को कर्नाटक विधानसभा चुनाव का दायित्व सौंपा है। उत्तर पूर्व राज्यों के चुनाव में भाजपा ने यही तरीका अपनाया था।
इन नेताओं को तटीय कर्नाटक, मुंबई-कर्नाटक, हैदराबाद-कर्नाटक, पुराना मैसूरु क्षेत्र, मध्य कर्नाटक के जिलों का दायित्व सौंप कर यहां पार्टी की जीत सुनिश्चित करने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को मध्य कर्नाटक के शिवमोग्गा, दावणगेरे, चित्रदुर्गा तथा चिक्कमगलूरु जिलों का दायित्व सौंपा गया है। दिल्ली के भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय को मैसूरु संभाग के मैसूरु, मण्ड्या, चामराजनगर, रामनगर, हासन, बेंगलूरु शहर तथा बेंगलूरु ग्रामीण जिलों का दायित्व सौंपा गया है।
गुजरात के सांसद सी.आर.पटेल उपाध्याय का सहयोग करेंगे। राजस्थान के सांसद ओम प्रकाश माथुर को तटीय कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, उडुपी जिलों का दायित्व सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के मंत्री महेंद्रसिंह उनके सहयोगी होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राम माधव को हैदराबाद कर्नाटक के कलबुर्गी, कोप्पल, बल्लारी, विजयपुर, यादगिर तथा रायचूर जिलों का दायित्व सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के मंत्री सत्येंद्र देवसिंह उनके सहयोगी होंगे।
राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव को मुंबई कर्नाटक के हुब्बली, धारवाड़, बेलगावी, गदग तथा हावेरी जिलों का दायित्व सौंपा गया है। महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल उनके सहयोगी होंगे। मुंबई भाजपा इकाई के अध्यक्ष आशीष शैलार को बेंगलूरु शहर तथा बेंगलूरु ग्रामीण जिलों का दायित्व सौंपा गया है।महाराष्ट्र के विधायक गोपाल शेट्टी उनके सहयोगी होंगे।
कांग्रेस जनता से माफी मांगे
शाह ने 2007 के हैदराबाद मक्का मस्जिद विस्फोट प्रकरण के सभी पांचों आरोपियों को बरी करने के एनआइए कोर्ट के फैसले के मद्देनजर कांग्रेस से देश की जनता से माफी मांगने की मांग की है। शाह ने कहा कि इस विस्फोट प्रकरण में स्वामी असीमानंद सहित पांचों आरोपियों को बरी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति करते हुए हिंदू आतंकवाद शब्द दुनिया भर में प्रचारित किया।
उन्होंने हिंदुओं को झूठे केसों में फंसाकर अपने दावे की पुष्टि करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जांच एजंसियों पर दबाव डालकर कांग्रेस के नेताओं ने मक्का मस्जिद विस्फोट प्रकरण में कुछ हिंदू नेताओं को फंसाया और वास्तविक अपराधियों छोड़ दिया। राहुल गांधी , पी. चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे तथा दिग्विजय सिंह ने हिंदू आतंकवाद को प्रचारित करने का अभियान चलाया। हाल में राज्य में भाजपा व हिंदू संगठनों के 24 कार्यकर्ताओं की हत्याएं हुई हैं लेकिन एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। राज्य में भाजपा की सरकार के सत्ता में आने के दो दिन में तमाम हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो