scriptदस दिन बीते, हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं | Ksrtc employees continue strike | Patrika News

दस दिन बीते, हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं

locationबैंगलोरPublished: Apr 17, 2021 06:01:24 pm

Submitted by:

Sanjay Kulkarni

पथराव में बस चालक की मौत

दस दिन बीते, हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं

दस दिन बीते, हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं

बेंगलूरु. चारों सरकारी परिवह निगम कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण शुक्रवार को लगातार दसवें दिन राज्य में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का परिचालन प्रभावित रहा। सरकार और हड़ताली कर्मचारियों के अपने-अपने रुख पर अड़े होने के कारण फिलहाल हड़ताल खत्म होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
इस बीच, पथराव की घटना में एक बस चालक की मौत हो गई। परिवहन विभाग का दायित्व संभाल रहे उप मुख्यमंत्री लक्ष्मण सवदी ने घटना पर क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा कि ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों को रोकने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के मुताबिक वेतन की मांग को लेकर निगम कर्मचारियों ने ७ अप्रेल को हड़ताल शुरु की थी। सरकार ने कुछ प्रतिशत वेतन वृद्धि के प्रस्ताव दिया था। मगर हड़ताली कर्मचारी छठे वेतन आयोग पर अड़े हैं और सरकार ऐसा करने से इनकार कर चुकी है।
इस बीच, हड़ताली कर्मचारियों में फूट पडऩे लगी है और ड्यूटी पर आने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। कर्मचारियों के कई समूहों ने शुक्रवार को ड्यूटी पर आए कर्मचारियों की मदद से करीब ५३०० बसों का परिचालन हुआ। सवदी ने कहा कि हड़ताल के कारण निगमों को १८२ करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। ८० बसें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस बीच, बेंगलूरु महानगर परिवहन निगम ने शुक्रवार को हड़ताल में शामिल २४० कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया।
मृत चालक के परिजनों को मुआवजा, नौकरी
इस बीच, बागलकोट जिले में एक बस चालक की पथराव में मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक घटना बागलकोट जिले के जमखंडी की है। पथराव में उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम के चालक नामडे एनके अवती (५६)की मौत हो गई। नामडे हड़ताल छोड़कर ड्यूटी पर आए थे और घटना के वक्त विजयपुर-जमखंडी मार्ग पर बस चला रहे थे। तभी कुछ शरारती तत्वों ने उन पर पत्थर फेंका और जिससे चोट लगने के कारण वे घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना मेंं शामिल लोगों की तलाश में जुटी है।
सवदी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। सवदी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने मृतक के परिजनों को ३० लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने और परिवार के एक सदस्य को निगम में नौकरी देने के आदेश अधिकारियों को दिए।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो