महेश का इस्तीफा पार्टी प्रमुख मायावती के कांग्रेस के साथ राजस्थान व मध्य प्रदेश में गठजोड़ की संभावना को खारिज करने के एक सप्ताह बाद आया है। हालांकि, महेश ने कहा कि उनके इस्तीफे का कांग्रेस और बसपा के बीच चल रहे गतिरोध से कोई संबंध नहीं है। उधर यह चर्चा भी है कि महेश के अपनी जीत के कारण राज्य में बसपा का खाता खुलने वाले बयान को लेकर पार्टी प्रमुख नाराज थीं। उन्होंने कुछ दिन पहले कुमारस्वामी को महेश को मंत्रिमंडल से हटाने के लिए कहा था लेकिन ऐसा नहीं होने पर उन्होंने महेश को इस्तीफा देने के लिए कहा।
एक अन्य चर्चा में कहा जा रहा है कि महेश ने एक साथ मंत्री के साथ हुए विवाद के कारण इस्तीफा दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में महेश और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री पुट्टरंग शेट्टी के बीच कई बार बयानों की जंग हुई है। दोनों ही चामराजनगर से हैं लेकिन दोनों एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयान देते रहे हैं।
शेट्टी ने कांग्रेस के खिलाफ महेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कहा था कि अगर कांग्रेस चाहे तो उन्हें मंत्री पद से हटा सकती है। इस पर महेश ने कहा था कि शेट्टी उन्हें हटाने वाले कौन होते हैं। उन्हें सिर्फ मुख्यमंत्री कुमारस्वामी अथवा बसपा प्रमुख ही हटा सकते हैं। हालांकि, गुरुवार को महेश ने कहा कि वे सरकार में शामिल किसी व्यक्ति से नाराज नहीं हैं और मंत्री के तौर पर अपने कामकाज से संतुष्ट हैं।