scriptकर्नाटक में कोई नेतृत्व संकट नहीं: नड्डा | no leadership crisis in karnataak : nadda | Patrika News

कर्नाटक में कोई नेतृत्व संकट नहीं: नड्डा

locationबैंगलोरPublished: Jul 26, 2021 02:33:24 am

Submitted by:

Rajeev Mishra

कहा, अच्छा काम कर रहे हैं येडियूरप्पा

jp_nadda_5054605_835x547-m1.jpg
बेंगलूरु. प्रदेश भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री बीएस येडियूरप्पा राज्य में अच्छा काम कर रहे हैं और कोई राजनीतिक संकट नहीं है।
दो दिवसीय गोवा दौरे के अंतिम दिन रविवार को पणजी में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए नड्डा ने कहा कि ‘उन्होंने काफी अच्छा काम किया है। भाजपा की प्रदेश इकाई काफी अच्छा काम कर ही है और मुख्यमंत्री येडियूरप्पा सभी चीजों काफी बेहतर ढंग से संभाल रहे हैं।Ó जब उनसे नेतृत्व संकट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ‘यह आपको लगता है कि संकट है। मुझे नहीं लगता कि राज्य में कोई राजनीतिक संकट है।Ó

नड्डा के इस बयान को राजनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। येडियूरप्पा ने रविवार सुबह कहा था कि उन्हें आज आलाकमान से मुख्यमंत्री पद पर बने रहने को लेकर संदेश मिलेगा। बेलगावी में येडियूरप्पा ने कहा कि दिल्ली से मिलने वाले संदेश के बाद ही वे समुचित निर्णय लेंगे। इस बीच, बेंगलूरु के पैलेस मैदान में हुई लिंगायत संतों के सम्मेलन में भी येडियूरप्पा को पद पर बनाए रखने की मांग की गई।

संतों को सभा करने की जरूरत नहीं
जब येडियूरप्पा से यह पूछा गया कि लिंगायत समुदाय के संत उनके समर्थन में सभाएं कर रहे हैं तो उन्होंने कहा कि संतों को सभा करने की जरूरत नहीं है। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा में विश्वास है। दलित मुख्यमंत्री के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे इसका फैसला नहीं करेंगे। यह फैसला पार्टी आलाकमान को करना है। देखते हैं वे क्या फैसला करते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या वे अपने दो साल के कामकाज से संतुष्ट हैं तो उन्होंने कहा ‘अगर आप संतुष्ट हैं तो वह मेरे लिए काफी है।Ó

अभी कोई सूचना नहीं आई: कटील
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री को बदलने को लेकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से कोई संदेश या सूचना नहीं आई है। उडुपी में संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि जो ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, उस संदर्भ में उन्होंने शिकायत दर्ज करा दी है। वे इसके बारे में और बात नहीं करना चाहते।

येडियूरप्पा को पार्टी ने काफी मौके दिए: रवि
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि ने कहा कि येडियूरप्पा राज्य के एक लोकप्रिय नेता हैं। उनकी लोकप्रियता को लेकर कोई संदेह नहीं है। पार्टी ने उन्हें काफी अवसर भी दिया है। वे चार बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष के तौर पर भी उन्होंने राज्य को अपनी सेवाएं दी हैं। वे चार बार प्रदेश अध्यक्ष बने और उपमुख्यमंत्री का पद भी संभाला है। उन्हें हर तरह का मौका दिया गया। भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाती है और हर तरह का अवसर देती है। नेतृत्व मिलने से नेताओं का जनाधार भी बढ़ा। सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं के योगदान से ही पार्टी आज यहां तक पहुंची है। पार्टी में असंतोष की लहर पर उन्होंने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे। इस विषय में जो कुछ भी कहना है प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ही कहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय करेगी वे उसे मानेंगे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो