scriptप्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह रोकने की तैयारी | Prepare to fully stop using plastic | Patrika News

प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह रोकने की तैयारी

locationबैंगलोरPublished: Jun 06, 2019 05:41:40 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

तीन वर्ष बीतने पर भी प्रतिबंध का प्रभावी असर नहीं

spe

प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह रोकने की तैयारी

बेंगलूरु. पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल करने के नाम पर राज्य सरकार ने तीन वर्ष पहले वर्ष 2016 में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया था।

हालांकि, यह प्रतिबंध आज तक पूरी तरह से प्रभावी नहीं हो पाया है और बेंगलूरु सहित पूरे राज्य में हर जगह प्रतिबंधित प्लास्टिक का धड़ल्ले से उपयोग देखा जा सकता है।
इससे होने वाले नुकसान के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के बाद भी ना तो आम लोगों में और ना ही विक्रेताओं में प्लास्टिक के प्रति मोह भंग हो रहा है।

प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए बृहद बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने जून मध्य से एक बार फिर प्लास्टिक उपयोग पर व्यापक स्तर पर नकेल कसने की योजना बनाई है।
प्लास्टिक के खतरे को कम करने के लिए बीबीएमपी उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।

बीबीएमपी के विशेष आयुक्त (परियोजना एवं स्वास्थ्य) डॉ. रविकुमार सुरपुर ने हाल ही में कहा कि प्लास्टिक पर प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए हमें सख्त उपायों को लाने की जरूरत है।
प्रतिबंध के बावजूद, शहर के कई जगहों पर अभी भी प्लास्टिक का उपयोग किया जाता है। इसलिए प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए उन इलाकों में अधिकारियों को सुबह से शाम तक हर दिन तैनात किया जाएगा, जहां सर्वाधिक प्लास्टिक खपत की शिकायतें मिली हैं।
इससे चोरी छिपे प्लास्टिक उपयोग करने वालों को ऑन स्पॉट पकड़ा जा सकेगा। साथ ही प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि एक महीने के भीतर प्लास्टिक प्रतिबंध का चारों ओर असर दिखने लगेगा।

चार माह में 1.21 लाख किलो प्लास्टिक जब्त
बीबीएमपी ने प्लास्टिक उपयोग करने वाले उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई करते हुए दिसंबर 2018 से मार्च 2019 के बीच 1,21,382 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त की और 72 लाख 22 हजार 97 रुपए का जुर्माना वसूला।
अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष इसे और ज्यादा प्रभावी बनाया जाएगा और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ आने वाले दिनों में सख्त कार्रवाई होगी।

छोटे दुकानों और रेहड़ी-पटरी पर सर्वाधिक उपयोग
प्लास्टिक प्रतिबंध के बाद शहर की बड़ी दुकानों और मॉल में प्लास्टिक की जगह कागज या अन्य प्रकार वैकल्पिक थैलों का उपयोग बढ़ा है।
वहीं छोटे दुकानों और रेहड़ी-पटरी पर आज भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग आसानी से देखा जा सकता है। केआर मार्केट सब्जी मंडी, मडिवाला सब्जी मंडी, मल्लेश्वरम फूल बाजार, शिवाजीनगर आदि प्रमुख खुदरा बाजारों में प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों का उपयोग हर ओर दिखता है।
इसी प्रकार खाने की प्लास्टिक प्लेट, गिलास, कटोरी, चम्मच आदि भी बाजारों में हर जगह बिकते देखे जा सकते हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो