script

बेंगलूरु में विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़की हिंसा, पुलिस फायरिंग में एक की मौत

locationबैंगलोरPublished: Aug 12, 2020 02:21:27 am

Submitted by:

Jeevendra Jha

विधायक के घर और दो थानों का घेराव, पथराव, आगजनी की घटनाएं

violence_01.jpg
बेंगलूरु. शहर के डीजे हल्ल्ली इलाके में मंगलवार रात विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई हिंसा के बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इलाके मेंं अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि, पुलिस ने मौत की पुष्टि नहीं की है।

violence.jpg
बताया जाता है कि उग्र भीड़ ने हाल ही में बने डीजे हल्ली पुलिस स्टेशन में तोडफ़ोड़ करने के साथ फर्नीचर और वाहनों को आग लगा दी। पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले दागे लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। इसके बाद पुलिस ने हवा में गोली चलाई। इसी दौरान भीड़ में एक व्यक्ति मृत और तीन लोग घायल मिले। बेंगलूरु पुलिस की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है कि दो थाना क्षेत्रों- केजी हल्ली और डीजे हल्ली में हिंसक घटनाएं हुई। पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज, आंसू गैस के साथ ही फायरिंग करनी पड़ी।

https://twitter.com/BlrCityPolice/status/1293271835790852101?ref_src=twsrc%5Etfw
इससे पहले डीजे हल्ली इलाके में कथित तौर पर एक विधायक के करीबी रिश्तेदार के एक धर्म विशेष के अनुयाइयों के खिलाफ विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। रात मेें भीड़ ने विधायक के घर हमला कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। एक पुलिस अधिकारी के वाहन को भी भीड़ ने निशाना बनाया। नगर पुलिस आयुक्त कमल पंत ने इलाके का दौरा किया।

पुलिस के मुताबिक कावल बैरसंद्र में विधायक के घर के बाहर एकत्रित हुई भीड़ विधायक और उनके रिश्तेदार को गिरफ्तार करने की मांग कर रही थी। भीड़ ने विधायक के घर पर पथराव भी किया। तोडफ़ोड़ के साथ ही भीड़ ने सड़क पर खड़े वाहनों को भी आग लगा दी। पुलिस ने कथित तौर पर पोस्ट करने वाले को हिरासत में ले लिया है। बताया जाता है कि उसने पोस्ट करने से इनकार किया और अपने सोशल मीडिया खाता हैक हो जाने का दावा किया। इस बीच, पुलकेशी नगर के विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति ने कहा कि इस विवाद से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मैंने पुलिस से पोस्ट लिखने वाले को गिरफ्तार करने की मांग की है।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडूराव ने कहा कि जिस तरह विधायक व थाने पर हमला हुआ वह निंंदनीय है। अगर किसी ने कुछ विवादित लिखा है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। डीजे हल्ली थाना पहुंचे पूर्व मंत्री जमीर अहमद खान ने कहा कि घटना प्रत्याशित है, उम्मीद है पुलिस कार्रवाई करेगी।

गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि हिंसा समाधान नहीं है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस को हालात नियंत्रित करने के लिए पूरी छूट दी गई है। दोषी कितना भी प्रभावशाली हो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। लेकिन किसी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

ट्रेंडिंग वीडियो