साध्वीवृन्द के प्रति संघ ने जताई कृतज्ञता
बैंगलोरPublished: Nov 08, 2022 06:37:24 pm
विजयनगर संघ से साध्वियों का विहार आज


साध्वीवृन्द के प्रति संघ ने जताई कृतज्ञता
बेंगलूरु. विजयनगर स्थानक भवन में विराजित साध्वी प्रतिभाश्री आदि ठाणा 5 के चातुर्मास की पूर्णाहूति के उपलक्ष में मंगलवार को संघ द्वारा कृतज्ञता दिवस मनाया गया। साध्वी दीक्षिताश्री ने जाप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
साध्वी प्रेक्षाश्री ने वीर लोकाशाह जयन्ती पर उनका जीवन परिचय कराते हुए कहा कि वीर लोकाशाह का जन्म गुजरात के अरहट्टवाड़ा नगर में 1492 को हुआ था। उनके पिता का नाम हेमाशाह व माता का नाम गंगाबाई था। वे 23-24 वर्ष की उम्र में थे एक वर्ष के अंतराल में माता पिता दोनों का देहांत हो गया। लोकाशाह ने 1526 में दीक्षा ग्रहण कर ली। जैन धर्म मे मुंहपत्ति व श्रमणसंघ की देन वीर लोकाशाह की है। इनका जैन धर्म पर बहुत उपकार है। संघ के मंत्री कन्हैयालाल सुराणा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए चातुर्मास में आयोजित सभी कार्यक्रमों की याद दिलाकर सभी के दिलों को प्रफुल्लित कर दिया। अविस्मरणीय चातुर्मास की सफलता के लिए साध्वी प्रतिभाश्री व समस्त साध्वी मंडल के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
संघ के अध्यक्ष राजेन्द्रकुमार कोठारी ने सभी सहयोगी शाखाओं,सभी दानदाताओं तथा सभी के प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
युवा संघ के अध्यक्ष पारस मेहता, मंत्री शंकरलाल दक, महिला अध्यक्ष कमलाबाई बोहरा, मंत्री मंजुबाई बांठिया, बहू मंडल अध्यक्ष अनिता कोठारी, मंत्री मंजू पोडवाड़, कन्यामण्डल अध्यक्ष मुस्कान पोडवाड़, मंत्री कृतिका बडेर को वीर लोकाशाह सेवा अवार्ड से सम्मानित किया गया। विमल पीतलिया ने दो माह तक लगातार आयम्बिल का तप तथा नरपतसिंह भलगट को चार माह के एकासन तप के लिए एवं चातुर्मास के दौरान प्रतिक्रमण कंठस्थ याद करने वाले 20 व्यक्तियों को, उत्तराध्यायन तथा पूछीसूणम इत्यादि स्वाध्याय सीखने वाले 8 जनों को एवं निरंतर एकान्तर की तपस्या, वर्षीतप करने वालों को व पर्युषण के आठों दिन स्पष्ट प्रतिक्रमण करवाने के लिए अशोक संचेती को वीर लोकाशाह अवार्ड से सम्मानित किया। आशाबाई चोपड़ा, लीलाबाई बोहरा, किरणबाई भंडारी, प्रेमलता बाई रांका, सीमा मेहता, पवन रांका, चेन्नई से रक्षिता कोठारी, महिला मंत्री मंजुबाई बांठिया, कन्यामण्डल से मुस्कान पोडवाड़ ने विदाई गीत व कृतज्ञता के भाव रखे। तेजराज बांठिया, कांतिलाल गांधी, युवासंघ से अध्यक्ष पारस मेहता व मंत्री शंकरलाल दक ने साध्वी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए क्षमा याचना की। जैन कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष एवं विजयनगर संघ के निवर्तमान अध्यक्ष पुखराज मेहता ने कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए इस अविस्मरणीय चातुर्मास के लिए संघ की समस्त कार्यकारिणी, सभी सहयोगी शाखाओं को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया। विजयनगर संघ का बहुत गौरव बढ़ाने के लिए आभार प्रकट किया।