script

जीवन में हर पल पुण्य का संचय करें : आचार्य महाश्रमण

locationबैंगलोरPublished: Jul 09, 2019 10:23:12 pm

हनुमंतनगर में आचार्य महाश्रमण का उद्बोधन
जीवन के अंतिम मोड पर शुभ कर्म हमारा साथ देंगे
इस शरीर का अवसान होना तय

bangalore news

जीवन में हर पल पुण्य का संचय करें : आचार्य महाश्रमण

बेंगलूरु. जहां पर सर्जन है वहां विसर्जन तय है। जो इस संसार में आया है उसका यहां से प्रस्थान भी तय है ऐसे में हमें शरीर, धन, वैभव की क्षणभंगुरता को समझते हुए बहुमूल्य जीवन का एक क्षण भी व्यर्थ नहीं गंवाते हुए इस जीवन को अधिक से अधिक धर्ममय बनाकर आत्मकल्याण के पथ पर अग्रसर होना है। जहां शरीर अस्थाई है वही आत्मा चिरस्थाई है इसलिए आत्मकल्याण के लिए प्रयास करना यहीं जीवन की वास्तविक सार्थकता है। आचार्य महाश्रमण ने यह विचार व्यक्त किए।
मंगलवार को हनुमंतनगर क्षेत्र में धर्मसभा में प्रवचन के दौरान उन्होंने कहा कि पूरा संसार एक पुद्गल है। पुद्गल का स्वभाव उत्पन्न होना अंतत: नष्ट होना है। उसी तरह हमारा शरीर भी अनेक पुद्गलों का संगठित पिंड है। लिहाजा इस शरीर का अवसान होना भी तय है। जिस प्रकार से वृक्ष के हर एक निर्धारित अंतराल के पश्चात पत्ते को पीला होने पर वृक्ष से अलग होना पड़ता है। उसी तरह हमारा भी इस संसार रुपी वृक्ष से अलग होना तय है। हमें इस बात का भान रखना होगा की हम प्रति दिन ब दिन मृत्यु की ओर बढ़ रहें है। इसलिए हमें मुच्र्छा को त्यागते हुए सदैव जागरुक रहते हुए धर्माराधना करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब हम शरीर की असारता तथा अनित्यता को समझ लेंगे तब हम कई कर्मों से बच सकते हैं। इस ज्ञान से हमें धर्म का संचय करने की प्रेरणा मिलती है। जीवन के अंतिम मोड पर हमारी शान शौकत नहीं अपितु यही शुभ कर्म हमारा साथ देंगे इसलिए जब तक शरीर सक्षम है तब तक हमें धर्मसाधना करनी चाहिए।
मंगल प्रवचन से पहले आचार्य ने हनुमंतनगर, त्यागराजनगर,नरसिंहराजा कॉलोनी, बैंक कॉलोनी श्रीनिवासनगर तथा आस-पास के क्षेत्रों के सैकड़ों श्रध्दालुओं को सम्यकत्व की दिक्षा प्रदान करते हुए नैतिकता, नवकार महामंत्र का स्मरण,अहिंसा तथा नशामुक्त जीवन की शपथ दिलाई।
धर्मसभा में चातुर्मास प्रवास व्यवस्था समिति बेंगलूरु के अध्यक्ष मूलचन्द नाहर, एचबीएसटी तेरापंथ सभा के अध्यक्ष सुभाष बोहरा, मंत्री हरकचन्द ओस्तवाल, तेयुप अध्यक्ष गौतम खाबिया, शशिकला नाहर, अभातेयुप के पूर्व अध्यक्ष अविनाश नाहर तथा पूर्व विधायक केशाराम चौधरी ने विचारों के माध्यम से गुरुवंदना की। धर्मसभा में आचार्य महाश्रमण तथा पेजावर मठ के प्रमुख स्वामी विश्वेशतीर्थ जैसे संतो का समागम देखकर धर्मसभा भावविभोर हो गई।दोनों महात्माओं के जयकारों ंसे पंडाल गूंज उठा। इससे पहले बसवनगुडी क्षेत्र के विधायक रवि सुब्रमण्यम ने आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया।
ऑल इंडिया ऐंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष मनिन्दर सिंह बिट्टा ने आचार्य का आशिर्वाद प्राप्त करने के पश्चात कहा कि आज पूरा विश्व आतंकवाद तथा युवाओं में नशे की लत इन दो समस्याओं से परेशान है।आतंकवाद के खिलाफ जवान संघर्ष कर रहे हैं तो आचार्य महाश्रमण ने नशामुक्ति का अभियान चलाकर देश के हजारों युवाओं को नशा से दूर रखने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। तेरापंथ महिला मंडल तथा तेरापंथ युवक मंडल ने गीत प्रस्तुत किया।

ट्रेंडिंग वीडियो