scriptसिद्धरामय्या ने दी सलाह,प्रशासन पर पकड़ मजबूत बनाएं सीएम | Siddaramaiah gave advice, strengthen grip on administration CM | Patrika News

सिद्धरामय्या ने दी सलाह,प्रशासन पर पकड़ मजबूत बनाएं सीएम

locationबैंगलोरPublished: May 26, 2019 11:19:34 pm

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को प्र्रशासन के प्रमुख पदों पर अच्छे अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित कर प्रशासनिक स्तर पर पकड़ और मजबूत करने की सलाह दी है।

सिद्धरामय्या ने दी सलाह,प्रशासन पर पकड़ मजबूत बनाएं सीएम

सिद्धरामय्या ने दी सलाह,प्रशासन पर पकड़ मजबूत बनाएं सीएम

बेंगलूरु. पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को प्र्रशासन के प्रमुख पदों पर अच्छे अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित कर प्रशासनिक स्तर पर पकड़ और मजबूत करने की सलाह दी है।

सूत्रों के मुताबिक आम चुनाव के परिणाम के पश्चात जब मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी सिद्धरामय्या के आवास पर पहुंचे थे, तब सिद्धरामय्या ने यह सुझाव दिया। बताया जा रहा है कि सिद्धरामय्या ने मुख्यमंत्री को पुराने गिले-शिकवे भूल कर आने वाले चार वर्ष में राज्य के विकास के लिए एकजुट होकर संवेदनशील प्रशासन के लिए कांग्रेस की ओर से हरसंभव सहयोग का वादा किया है। ताकि गठबंधन दलों में कोई दरार नहीं आए।


सिद्धरामय्या ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी से कहा कि देश के गैर-भाजपा शासित राज्यों में कर्नाटक प्रमुख है, ऐसे में इस सरकार का अस्तित्व बचाना कांग्रेस का दायित्व है। इसलिए मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को किसी भी हालत में त्यागपत्र देने का विचार नहीं लाना चाहिए। कांग्रेस इस सरकार को बचाने के लिए चट्टान की तरह खड़ी रहेगी। कुमारस्वामी को सरकार की स्थिरता को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।


दोनों नेता इस बात पर भी एकमत हुए कि गत कुछ दिनों से गठबंधन दलों के नेताओं की जुबानी जंग से गठबंधन सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ी है। राज्य की जनता का विश्वास हासिल करने के लिए ऐसी बयानबाजी पर रोक लगाई जाएगी।


उन्होंने यह भी तय किया कि कांग्रेस का एक भी विधायक भाजपा में शामिल नहीं हो, इसका हरसंभव प्रयास होगा। साथ में मुख्यमंत्री को भी कांग्रेस के विधायकों का विश्वास हासिल करने के लिए उनसे साथ लगातार संपर्क करना होगा। विधायकों के साथ विचार-विमर्श के लिए मुख्यमंत्री को समय निर्धारित करना होगा। कांग्रेस के विधायक तथा सीएम के बीच संवादहीनता से ही कई समस्याएं पैदा हो रही हैं। नियमित अंतराल से ऐसी समस्याओं के समाधान बगावत पर भी अंकुश लगाया जा सकता है। बयान जारी करना किसी समस्या का समाधान नहीं है।

कांग्रेस विधायक दल की बैठक २९ को
बेंगलूरु. कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरामय्या ने कहा कि २९ मई को विधायक दल की बैठक होगी। सभी विधायकों को बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि विधायक दल की बैठक में लोकसभा चुनाव में पार्टी और कई दिग्गज नेताओं की हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा पार्टी को निचले स्तर से मजबूत करने की कार्य योजना बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा गठबंधन दलों के विधायकों को लालच देकर उन्हें अपने पक्ष में करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन राज्य सरकार कार्यकाल पूरा करेगी और एचडी कुमारस्वामी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। वे सरकार की रक्षा के लिए चट्टान की तरह खड़े रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येड्डियूरप्पा का मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होगा। उन्होंने माना कि चुनाव से पहले दोनों दलों के नेताओं के एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने के कारण मतदाताओं ने कांग्रेस का साथ छोड़ा।

ट्रेंडिंग वीडियो