बैंगलोर

जजों के खिलाफ शिकायत करने पर छह माह कारावास

फैसला सुनाने वाले न्यायाधीशों के खिलाफ मंड्या जिला एवं सत्र न्यायालय में निजी शिकायत दर्ज कराई थी

बैंगलोरMay 27, 2018 / 05:18 pm

Ram Naresh Gautam

जजों के खिलाफ शिकायत करने पर छह माह कारावास

बेंगलूरु. कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कावेरी नदी के पानी के बंटवारे मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर मुख्य न्यायाधीश और दो न्यायाधीशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पर मंड्या के एम.डी. राजण्णा को छह माह कारावास की सजा सुनाई है। प्रदेश के लोगों के साथ अन्याय होने का आरोप लगाकर फैसला सुनाने वाले न्यायाधीशों के खिलाफ मंड्या जिला एवं सत्र न्यायालय में निजी शिकायत दर्ज कराई थी।
राजण्णा ने उच्चतम न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश टी. एस. ठाकुर और न्ययाधीश दीपक मिश्रा तथा उदय ललित, कर्नाटक -तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों, केन्द्रीय सिंचाई मंत्रालय के सचिव और राज्य सिंचाई मंत्री को इस मामले के लिए शिकायत में आरोपी बताया था। राजण्णा ने दावा किया था कि अंतर्राज्यीय जल बंटवारा विवाद में फैसला सुनाने का अधिकार उच्चतम न्यायालय को नहीं है।
कानून बनाकर इसे जारी करने का अधिकार संसद को है। इसकी जानकारी होने के बावजूद दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री, सचिव और केन्द्र सिंचाईके सचिव ने उच्चतम न्यायालय जाकर कर्नाटक की जनता के साथ विश्वासघात किया है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर उच्च न्यायालय ने न्यायालय के फैसले का उल्लंघन और अपमान बताकर राजण्णा को छह माह कारावास की सजा सुनाई है।
———

गला रेत महिला की हत्या
बेंगलूरु. महालक्ष्मी ले-आउट पुलिस थाना क्षेत्र में गला रेत कर महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार कुरुबराहल्ली के जे.सी. नगर बारहवें मुख्य मार्ग स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर दंपती रहता था। शनिवार सुबह मकान के परिसर में महिला का शव पड़ा मिला। महिला का गला रेत कर शव को बेडशीट में लपेटा गया था। पुलिस घटना स्थल पहुंची व शव को पोस्ट मार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। महिला की पहचान नहीं हो सकी है।
——-

पूर्व विधायक गंगाधरन का निधन
मैसूरु. मशहूर अधिवक्ता तथा पूर्व विधायक एच. गंगाधरन (92) का शनिवार को निधन हुआ। परिजनों के सूत्रों के अनुसार वे कई दिनों से बीमार थे। वे कृष्णराजा विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 1978 तथा वर्ष 1983 में चयनित हुए थे। राजनीति के अलावा वे सुत्तूर मठ के शिक्षा संस्थान जेएसएस महाविद्यालय के साथ जुड़े हुए थे। उनके प्रयासों से ही यहां जेएसएस विधि कॉलेज की स्थापना हुई थी। उन्होंने विधि संबंधित कई पुस्तकों का लेखन किया था। उनकी अंतिम इच्छा के तहत उनका मृतदेह का जेएसएस चिकित्सा शिक्षा संस्थान को दान किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येड्डियूरप्पा ने गंगाधरन के निधन पर शोक जताया है।

Home / Bangalore / जजों के खिलाफ शिकायत करने पर छह माह कारावास

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.