कहीं दिखी खुशी, कोई था मायूस
जैसे-जैसे प्रत्याशी जीतते गए प्रशासन उन्हें शपथ व प्रमाणपत्र देने के बाद विदा करता गया

बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को बसवनगुड़ी स्थित मतगणना स्थल पर छह विधानसभा सीटों के मतों की गिनती की गई। इसमें कांग्रेस को चार सीटें मिली, जबकि भाजपा को दो सीटों से संतोष करना पड़ा। जैसे-जैसे प्रत्याशी जीतते गए प्रशासन उन्हें शपथ व प्रमाणपत्र देने के बाद विदा करता गया। पहला परिणाम दोपहर करीब एक बजे गांधीनगर विधानसभा सीट का आया। यहां कांग्रेस के दिनेश गुंडुराव को विजयी घोषित किया गया। अंतिम परिणाम दोपहर करीब पौने तीन बजे राजाजीनगर विधानसभा सीट का आया। इसमें भाजपा के सुरेश कुमार को विजयी घोषित किया गया। शांतिनगर से कांग्रेस के मोहम्मद शब्बू, चामराज पेट से कांग्रेस के जमीर अहमद, शिवाजीनगर से कांग्रेस के रोशन बेग, चिकपेट से भाजपा के उदय गरूड़ाचर विजयी हुए।
सुबह से मतगणना स्थल पर भीड़
बसवनगुड़ी स्थित बीएमएस महिला महाविद्यालय के बाहर चुनाव का परिणाम जानने के लिए लोगों की भीड़ सुबह साढ़े सात बजे से लग गई थी। पुलिस प्रशासन ने व्यवस्था बनाने के लिए कार्यकर्ताओं व आमजन को करीब आधा किलोमीटर दूर ही रोक दिया था। इसके बावजूद कार्यकर्ता इंडियन ओवरसीज बैंक के पास गली में स्थित महाविद्यालय के दूसरे द्वार पर जमा हो गए थे।
बढ़त की जानकारी मिलने पर नारेबाजी
विभिन्न दलों के प्रत्याशियों के बढ़त की सूचना मिलने पर संबंधित दल के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगते। यहां तक की कई बार सड़क पर भी आ गए, जिन्हें पुलिस ने गली के अंदर भेजा। कभी भाजपा खेमे से जिंदाबाद की आवाजेंं आती तो कभी कांग्रेस खेमे से। कांग्रेस को चार सीटों पर अच्छी बढ़त की सूचना मिलने पर दोपहर करीब 12 बजे जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रंग गुलाल लगाकर होली मनाई, भाजपा कार्यकर्ता मायूस दिखे।
शुरुआत में कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित
यहां मतगणना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से उत्साहित दिखे जबकि भाजपा कार्यकर्ता 11 बजे बाद मतगणना स्थल पर जुटकर झंडे लहराने लगे। यहां उदय गरूड़ाचर भाजपा से विजयी होने वाले पहली प्रत्याशी रहे। इसके बाद राजाजी नगर से भाजपा के सुरेश कुमार को विजयी घोषित किया गया।
अब पाइए अपने शहर ( Bangalore News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज